Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में महिला की मौत के बाद बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़, ओवरब्रिज पर 2 घंटे चक्काजाम

गुना के बालाजी अस्पताल में 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ की और शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। जिसके बाद प्रशासन के जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खत्म हुआ।
गुना में महिला की मौत के बाद बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़, ओवरब्रिज पर 2 घंटे चक्काजाम
गुना के बालाजी अस्पताल में 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

गुना के बालाजी अस्पताल में 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। इसके बाद गुस्साए परिजन महिला का शव लेकर शहर के मुख्य ओवरब्रिज पर पहुंच गए और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खत्म हुआ।

खून की कमी के बाद अस्पताल में कराया था भर्ती

जानकारी के मुताबिक, आरोन थाना क्षेत्र के भादौर गांव की रहने वाली राजकुमारी बाई को खून की कमी के कारण 18 सितंबर को बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसे चार यूनिट खून चढ़ाया गया। तबीयत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने 21 सितंबर को उसे छुट्टी दे दी थी। शनिवार शाम को महिला की तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। उनका आरोप है कि उस समय महिला की सांसें चल रही थीं, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने घंटों तक उसका इलाज शुरू नहीं किया। परिजनों के मुताबिक, उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर भी नहीं किया गया। रात में महिला की मौत हो गई।

मौत की खबर के बाद अस्पताल में तोड़फोड़

रविवार सुबह डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया, जिसके बाद परिजन भड़क गए। उन्होंने अस्पताल के रिसेप्शन और आईसीयू में तोड़फोड़ की। परिजनों ने वेंटिलेटर, कंप्यूटर और कूलर समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: भोपाल में युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में असफलताओं का जिक्र; लेबर इंस्पेक्टर की परीक्षा देने आया था

शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम

अस्पताल में हंगामे के बाद परिजन महिला का शव लेकर शहर के मुख्य ओवरब्रिज पर पहुंचे। उन्होंने सड़क के बीच मोटरसाइकिलें खड़ी कर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने की कोशिश की। परिजन संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग कर रहे थे।

जांच और कार्रवाई के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष चिकित्सकीय जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने करीब दो घंटे बाद जाम खोल दिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts