Bangladesh Violence :अल्पसंख्यकों पर हिंसा जारी, राजबाड़ी में हिंदू युवक की गाड़ी से कुचलकर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल

बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में हिंदू युवक रिपन साहा की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वाहन मालिक और चालक को गिरफ्तार कर हत्या का केस दर्ज किया। यह घटना अल्पसंख्यकों पर बढ़ती हिंसा को लेकर इलाके में तनाव बढ़ा रही है। भारत और मानवाधिकार संगठन इस पर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
अल्पसंख्यकों पर हिंसा जारी, राजबाड़ी में हिंदू युवक की गाड़ी से कुचलकर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला का है, जहां एक हिंदू युवक की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार को हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल है।

    मृतक की पहचान और घटना का कारण

    मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है। वह राजबाड़ी के गोलांदा मोड़ स्थित करीम फिलिंग स्टेशन में काम करता था। जानकारी के मुताबिक, एक वाहन चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। जब रिपन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक ने जानबूझकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    वाहन मालिक और चालक गिरफ्तार

    पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी वाहन को जब्त कर लिया गया है। वाहन मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया गया है, जो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है। वहीं, वाहन चालक कमाल हुसैन को भी बानिभान निपारा गांव से हिरासत में लिया गया है।

    पुलिस बोली- यह हादसा नहीं, हत्या है

    राजबाड़ी सदर थाना प्रभारी खोंडकर जियाउर रहमान ने कहा कि यह घटना कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि साफ तौर पर हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि रिपन वाहन के सामने खड़ा था और आरोपियों ने जानबूझकर उसे कुचलकर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

    यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले इसी सप्ताह फेनी जिले के दागनभुइयां उपजिला में एक और हिंदू युवक समीर दास की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। उसका शव खेत से बरामद हुआ था।

    भारत और मानवाधिकार संगठनों की चिंता

    भारत ने 9 जनवरी को बांग्लादेश में हिंदुओं समेत अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई थी। भारत ने कहा है कि वह हालात पर नजर बनाए हुए है और बांग्लादेश सरकार से सख्त कार्रवाई की उम्मीद करता है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि मौजूदा अंतरिम सरकार के दौरान अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts