Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7 ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश, कॉलेज कैंपस में स्कूल की इमारत पर गिरा, एक की मौत, कई घायल

बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7 ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश, कॉलेज कैंपस में स्कूल की इमारत पर गिरा, एक की मौत, कई घायल

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। बांग्लादेश वायुसेना का एक प्रशिक्षण विमान (F-7BGI) उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद माइलस्टोन कॉलेज के उत्तर कैंपस के अंदर स्थित स्कूल पर गिर गया। इस भीषण हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि कई छात्र और स्थानीय लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

Twitter Post

उड़ान के 24 मिनट बाद हुआ हादसा

बांग्लादेश इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, ट्रेनर विमान ने दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी थी, और 1 बजकर 30 मिनट पर यह माइलस्टोन कॉलेज के कैंपस स्थित स्कूल की बिल्डिंग पर गिर गया। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे, जिससे ज्यादा लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

माइलस्टोन कॉलेज की इमारत पर गिरा विमान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान तेजी से नीचे आया और सीधे स्कूल की इमारत से टकराया। इससे इमारत को भारी नुकसान हुआ है और आसपास के इलाकों में धुएं का गुबार उठता देखा गया। आठ दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं

AB की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है। हालांकि, बांग्लादेश वायुसेना और प्रशासन की ओर से अब तक घायलों की कुल संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। चार गंभीर रूप से घायलों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से आर्मी हॉस्पिटल भेजा गया है।

सेना और BGB की टुकड़ियां मौके पर तैनात

इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बचाव कार्य के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की दो टुकड़ियों को भी मौके पर तैनात किया गया है। इसके अलावा बांग्लादेश सेना के जवान, अग्निशमन विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें भी मौके पर राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए हादसे के वीडियो

हादसे के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें छात्रों को जान बचाकर भागते हुए और कॉलेज कैंपस से उठते हुए धुएं के गुबार को साफ देखा जा सकता है। कुछ वीडियो में विमान के मलबे से आग की लपटें भी निकलती नजर आ रही हैं।

चीन निर्मित था क्रैश हुआ विमान

जिस विमान का हादसा हुआ है, वह चीनी निर्मित F-7BGI फाइटर ट्रेनर जेट था, जिसे वायुसेना में प्रशिक्षण उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन फिलहाल तकनीकी खराबी या मौसम को जिम्मेदार बताया जा रहा है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts