अंबिकापुर में हैवानियत, 6 पिल्लों को पीटकर पेट्रोल से जलाया, CCTV में कैद हुई नाबालिगों की क्रूरता

रायपुर/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पशु क्रूरता का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 6 मासूम पिल्लों को कथित तौर पर बेरहमी से पीटने के बाद पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। घटना में सभी पिल्लों की मौत हो गई। उनके अधजले शव पंजाब गार्डन के पीछे मिले। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में कथित तौर पर 6 नाबालिगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने उनकी पहचान कर अभिभावकों को थाने बुलाया है।
6 पिल्लों के अधजले शव मिलने से मचा हड़कंप
अंबिकापुर के पंजाब गार्डन के पीछे 6 पिल्लों के अधजले शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शवों की हालत इतनी भयावह थी कि उन्हें देखकर आसपास के लोग भी विचलित हो गए। बताया गया कि पिल्लों के शव घंटों तक घटनास्थल पर पड़े रहे और आवारा कुत्ते उन्हें नोंचते रहे। शुक्रवार को राहगीरों की नजर जब इन शवों पर पड़ी तो उन्होंने पशु प्रेमियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

ये भी पढ़ें: इंदौर में गार्ड की क्रूरता : दो पिल्लों को बेरहमी से पीटा, बोरी में भरकर सुनसान इलाके में फेंका
CCTV में कैद हुई नाबालिगों की कथित क्रूरता
मामले की शिकायत मिलने के बाद शनिवार को पुलिस और बेजुबान डॉग शेल्टर के सदस्यों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में 6 नाबालिग दिखाई दिए। आरोप है कि नाबालिगों ने पहले पिल्लों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें बोरी में भरकर एक जगह रखा और ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की।
बेजुबान डॉग शेल्टर ने दर्ज कराई शिकायत
घटना की सूचना मिलने पर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी 6 पिल्लों के अधजले शवों को बोरी में रखकर सुरक्षित रखवाया। इसके बाद गांधीनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और इस अमानवीय कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़ें: निगम की 'पीली गैंग' बनी असुर: जब बेजुबानों पर ढा रहे ऐसा कहर, तो आम जनता का क्या होगा?
दो स्ट्रीट डॉग ने दिया था पिल्लों को जन्म
स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों से मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास ही दो स्ट्रीट डॉग ने बच्चों को जन्म दिया था। इनमें से तीन पिल्लों की देखभाल आसपास के लोग कर रहे थे, जबकि बाकी पिल्ले अपनी मां के साथ घूमते थे। आरोप है कि इन्हीं पिल्लों को निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद इलाके के पशु प्रेमियों में नाराजगी है।
नाबालिगों के अभिभावकों को थाने बुलाया
गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि घटना में शामिल बताए जा रहे नाबालिगों की पहचान कर ली गई है। उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है। इसके बावजूद मामले में वैधानिक कार्रवाई की संभावनाएं देखी जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: मुंबई के Taj Mahal Hotel में आराम से सोता है कुत्ता... बेजुबानों के लिए Ratan Tata का प्यार
पशु क्रूरता पर उठे गंभीर सवाल
छह बेजुबान पिल्लों की मौत ने पशुओं की सुरक्षा और उनके प्रति बढ़ती क्रूरता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में घटना से जुड़े और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और नाबालिगों के खिलाफ कानून के तहत क्या कार्रवाई की जाती है।




















