Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

US के मियामी एयरपोर्ट पर UPS और कोपा एयरलाइंस के प्लेन आपस में भिड़े, 2 लोग घायल

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात UPS के बोइंग 767 कार्गो विमान और कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 यात्री विमान की टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग मामूली घायल हुए। यात्रियों ने बताया कि टक्कर के दौरान विमान में जोरदार झटका लगा। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) मामले की जांच कर रहा है।
US के मियामी एयरपोर्ट पर UPS और कोपा एयरलाइंस के प्लेन आपस में भिड़े, 2 लोग घायल
लैंडिंग के बाद अचानक भिड़े दो विमान, एक का विंग दूसरे के अगले हिस्से से टकराया

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने वहां मौजूद यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों को हैरान कर दिया। रनवे पर आगे बढ़ रहे दो विमान अचानक आपस में टकरा गए। इनमें एक सामान ले जाने वाला UPS का कार्गो विमान था, जबकि दूसरा कोपा एयरलाइंस का यात्री विमान था। टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दो लोगों को मामूली चोटें लगीं, जिनका मौके पर ही इलाज कर दिया गया।

दो बड़े विमानों के बीच कैसे हुई टक्कर?

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार (14 नवंबर 2026) रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर हुई। हादसे में UPS का बोइंग 767 कार्गो विमान और कोपा एयरलाइंस का बोइंग 737 यात्री विमान शामिल थे। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, दोनों विमान उस समय रनवे पर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान के पंख का बाहरी हिस्सा UPS के बोइंग 767 के अगले हिस्से यानी नोज से टकरा गया। टक्कर इतनी अचानक हुई कि यात्री विमान में बैठे लोगों को भी इसका अंदाजा नहीं लग पाया। एयरपोर्ट के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर ग्रेग चिन ने CNN को बताया कि रात करीब 9:15 बजे हुई इस घटना में दो लोग घायल हुए। दोनों को तुरंत इलाज दिया गया। हालांकि, उनकी चोटें मामूली थीं और उन्हें अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी।

यात्री ने बताया, अचानक लगा जोरदार झटका

कोपा एयरलाइंस के विमान में सफर कर रहे यात्री सीजर फरेरा ने CNN को घटना के बारे में बताया। उनके मुताबिक, विमान लैंडिंग के बाद सामान्य गति से आगे बढ़ रहा था। तभी अचानक आसपास के लोगों की आवाजें तेज होने लगीं। कुछ ही पलों में यात्रियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया और दूसरे विमान ने उनके प्लेन को टक्कर मार दी। सीजर ने बताया कि टक्कर लगते ही विमान के अंदर बैठे लोगों को एक तरफ जोरदार झटका महसूस हुआ। शुरुआत में कुछ यात्री घबरा गए थे। हालांकि, विमान के क्रू सदस्यों ने तुरंत स्थिति संभाली और सभी यात्रियों को अपनी-अपनी सीटों पर बैठे रहने के लिए कहा। क्रू की इस तुरंत कार्रवाई से यात्रियों को संभालने में मदद मिली।

ये भी पढ़ें: उड़ान भरते ही इंडिगो के विमान में आई खराबी, अटकीं 192 यात्रियों की सांसें, पुणे में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

FAA कर रहा है पूरे मामले की जांच

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स ने UPS विमान के क्रू को कोपा एयरलाइंस के विमान को रास्ता देने के लिए कहा था। इसके बावजूद दोनों विमानों के बीच टक्कर कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि घटना के समय दोनों विमानों की स्थिति क्या थी और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। वहीं, UPS ने कहा है कि वह घटना की वजह जानने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। कंपनी जांच में पूरा सहयोग देगी।

कोपा एयरलाइंस ने यात्रियों से मांगी माफी

घटना के बाद कोपा एयरलाइंस ने भी बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि इस घटना के कारण यात्रियों को हुई परेशानी के लिए उसे खेद है। यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग देगी। यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब अमेरिका के कई एयरपोर्ट सामान्य उड़ान सेवाओं को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि रनवे पर दोनों विमानों के बीच टक्कर आखिर कैसे हुई।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts