पश्चिम बंगाल में री-वोटिंग जारी!दक्षिण 24 परगना के 15 बूथों पर फिर मतदान, क्या है पूरा मामला?

पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान मिली शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के कुछ मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की खबरें सामने आई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने 15 पोलिंग बूथों पर दोबारा वोटिंग कराने का आदेश दिया है।
यह फैसला साउथ 24 परगना जिले की दो अहम विधानसभा सीटों डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम को लेकर लिया गया है। मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर आज यानी 2 मई 2026 को फिर से मतदान हो रहा है।
कब और कैसे हो रही है री-पोलिंग?
इन सभी 15 मतदान केंद्रों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो चुकी है और शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। चुनाव आयोग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक इस जानकारी को पहुंचाया जाए। इसके लिए स्थानीय स्तर पर खास इंतजाम किए गए हैं जैसे ढोल बजाकर लोगों को सूचना देना और सभी उम्मीदवारों को लिखित रूप में जानकारी देना।
यह भी पढ़ें: WB Election: पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर री-पोल का फैसला, हिंसा और EVM शिकायतों के बाद EC का बड़ा कदम
गड़बड़ी की शिकायतें क्या थीं?
29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के दौरान कई जगहों से अनियमितताओं की रिपोर्ट मिली थी। कुछ जगहों पर EVM मशीनों में गड़बड़ी की बात सामने आई, तो कुछ बूथों पर छेड़छाड़ के आरोप लगे। कुल मिलाकर 77 बूथों पर री-पोलिंग की मांग की गई थी। लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने फिलहाल 15 बूथों पर ही पुनर्मतदान का फैसला लिया।
यह कार्रवाई रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपल एक्ट, 1951 के तहत की गई है, जिसके तहत आयोग को जरूरत पड़ने पर वोटिंग रद्द करने और दोबारा कराने का अधिकार है।
किन-किन बूथों पर हो रही है दोबारा वोटिंग?
मगराहाट पश्चिम (11 बूथ)- यहां जिन प्रमुख स्थानों पर दोबारा वोटिंग हो रही है, उनमें उत्तर येरपुर एफपी स्कूल, नाजरा एफपी स्कूल (अलग-अलग कमरे), देउला एफपी स्कूल, घोला नोयपारा गर्ल्स हाई मदरसा, एकतारा मलाया एफपी स्कूल बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल शामिल है।इसके अलावा बूथ नंबर 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 भी शामिल हैं।
डायमंड हार्बर (4 बूथ)- यहां जिन बूथों पर री-पोलिंग हो रही है, वे हैं बागदा जूनियर हाई स्कूल, चंद्रा एफपी स्कूल, हरिदेवपुर एफपी स्कूल और रॉयनगर एफपी स्कूल। साथ ही बूथ नंबर 117, 179, 194 और 243 भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रिया क्या आई?
इस फैसले पर राजनीतिक बयान भी सामने आने लगे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मगराहाट पश्चिम में री-पोलिंग का फैसला सही है। उन्होंने यह भी कहा कि डायमंड हार्बर और फाल्टा क्षेत्र में और ज्यादा बूथों पर दोबारा मतदान होना चाहिए था। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह एक प्रक्रिया है और चुनाव आयोग का सम्मान किया जाना चाहिए।
डायमंड हार्बर में कड़ी टक्कर
डायमंड हार्बर सीट इस बार खास चर्चा में है। यहां बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। बीजेपी ने दीपक कुमार हलधर को उम्मीदवार बनाया है। टीएमसी से पन्नालाल हलधर मैदान में हैं। इस सीट पर EVM गड़बड़ी के आरोपों के चलते ही मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया है।
इस बार वोटिंग प्रतिशत ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस बार पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था।चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 92.47% वोटिंग दर्ज की गई है, जो अब तक के सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत में से एक है। यह आंकड़ा दिखाता है कि जनता ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।
यह भी पढ़ें: Exit Polls 2026: बंगाल में BJP आगे, असम में फिर सरकार; तमिलनाडु में DMK की वापसी, केरल में UDF को बढ़त
कब आएंगे नतीजे?
अब सभी की नजरें 4 मई 2026 पर टिकी हैं, जब चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतगणना के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या हिंसा को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतगणना से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। कोलकाता पुलिस ने उन 7 जगहों पर लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है, जहां काउंटिंग होनी है। यह फैसला उस समय लिया गया जब तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने नेताजी इंडोर स्टेडियम में विरोध जताया और आरोप लगाया कि उनके प्रतिनिधियों के बिना बैलेट बॉक्स खोले गए।
चुनाव आयोग का जवाब
इन सभी आरोपों पर राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने साफ कहा है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार हो रही है।











