अमित शाह का राहुल गांधी पर तंज, बोले- नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं

हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च के बाद कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध को घुसपैठियों को बचाने की कोशिश बताया। वहीं, कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट को लेकर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं, असली संसद में नहीं।
'नकली संसद में प्रधानमंत्री बन जाइए राहुल गांधी'
अमित शाह ने कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी इसमें एक बार प्रधानमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा नकली संसद में आप एक बार प्रधानमंत्री बन जाओ, क्योंकि असली संसद में वो नहीं बन पाएंगे, मॉक पार्लियामेंट में बन जाएंगे। सोनिया गांधी के हृदय को शांति हो जाएगी। शाह ने आगे कहा कि राहुल गांधी इस तरह चुनाव नहीं जीत सकते। उन्हें जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी तीन-चार महीने के लिए विदेश चले जाते हैं और दूसरी ओर संविधान हाथ में लेकर उसकी भावना के अनुरूप काम नहीं करते। शाह ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का भी आरोप लगाया।
विशेष सत्र बुलाने की चुनौती
गृह मंत्री ने संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्ष को चुनौती दी। उन्होंने कहा मैं चैलेंज देता हूं, हम विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। आ जाइए, चर्चा कीजिए। मगर वो चर्चा नहीं करेंगे। शाह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास संसद में चर्चा करने के लिए मुद्दे नहीं हैं और वह अराजकता के जरिए खबरों में बने रहना चाहता है। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे।
'वोट बचाओ नहीं, घुसपैठियों को बचाओ रैली थी'
अमित शाह ने राहुल गांधी की वोट बचाओ रैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इसे वोट बचाने की रैली बता रहे हैं जबकि उनके मुताबिक इसका मकसद घुसपैठियों को बचाना है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR की प्रक्रिया को रोककर मतदाता सूची में शामिल बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है। उन्होंने कहा आपको जितना जोर लगाना है लगा लीजिए, बीजेपी एक-एक घुसपैठिए को मतदाता सूची और देश से बाहर निकालकर दम लेगी।
13 करोड़ वोट हटाने के आरोप पर शाह का जवाब
राहुल गांधी की ओर से मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए जाने के आरोप पर भी अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि हटाए गए नामों के पीछे अलग-अलग कारण हैं। शाह के मुताबिक करीब 6.25 करोड़ मतदाता दूसरी जगह रहने चले गए हैं जबकि 2.8 करोड़ लोगों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि करीब 1 करोड़ नाम डुप्लीकेट एंट्री के थे और 3 करोड़ नाम ऐसे लोगों के थे, जो उनके मुताबिक मतदाता सूची में होने ही नहीं चाहिए थे और बांग्लादेशी घुसपैठिए थे।
यूपी में तीसरी बार सरकार बना दो, लागू कर देंगे UCC, चुनाव से पहले अमित शाह का बड़ा ऐलान
SIR को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने
SIR और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव जारी है। कांग्रेस इस प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठा रही है, जबकि अमित शाह ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए इसे मतदाता सूची से कथित फर्जी और अयोग्य नाम हटाने की प्रक्रिया बताया।




















