बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या :हमलावरों ने बीच सड़क गाड़ी रोककर की ताबड़तोड़ फायरिंग, TMC कार्यकर्ताओं पर आरोप

पश्चिम बंगाल में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में हुई। हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को बीच सड़क पर रुकवाया और उन पर करीब चार राउंड फायरिंग की। इस हमले में चंद्रनाथ रथ और उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चंद्रनाथ की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
हमले की पहले से थी प्लानिंग
पुलिस के मुताबिक, हमलावर पहले से ही चंद्रनाथ की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। दो वाहनों- एक कार और एक बाइक से उनका पीछा किया जा रहा था। कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया, जिसके बाद बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। चंद्रनाथ को कई गोलियां लगी थीं।
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। जशोर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
ये भी पढ़ें: 'मुझे बर्खास्त कर दो, इस्तीफा नहीं दूंगी...', ममता बनर्जी जिद पर अड़ीं, विधायकों को काले कपड़े पहनने को कहा
सुवेंदु अधिकारी ने की मौत की पुष्टि
घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने चंद्रनाथ रथ की मौत की पुष्टि की है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। भाजपा ने इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का हाथ होने का आरोप लगाया है।
साउथ 24 परगना में भी हिंसा
इसी दिन साउथ 24 परगना जिले में भी कई जगह हिंसा की खबरें सामने आईं। कैनिंग इलाके के नारायणपुर में सुबह अचानक हालात बिगड़ गए और जमकर बवाल हुआ। पुलिस ने केंद्रीय बलों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया और कई लोगों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले यहां ग्राम पंचायत प्रधान के दफ्तर से बड़ी मात्रा में धारदार हथियार भी बरामद किए गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।











