PlayBreaking News

Weather Update : भारी बारिश से गुजरात और हिमाचल में कहर, अहमदाबाद में बाढ़ जैसे हालात, सूरत भी पानी में डूबा

Follow on Google News
Weather Update : भारी बारिश से गुजरात और हिमाचल में कहर, अहमदाबाद में बाढ़ जैसे हालात, सूरत भी पानी में डूबा

गुजरात के अहमदाबाद में बीते 12 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पूर्वी अहमदाबाद के मणिनगर, वटवा, सिटीएम, हाटकेश्वर, निकोल, ओधव और विराट नगर समेत दर्जनों इलाकों की सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के पानी के तेज बहाव में एक बाइक सवार युवक बह गया। घटनास्थल के पास की ड्रेनेज लाइन में फंसे युवक के शव को दमकल विभाग ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 200 फीट दूर से बरामद किया। इस हादसे ने शहर में हो रही बारिश के खतरनाक असर को उजागर कर दिया है। अब तक इस मानसून सीजन में अहमदाबाद में कुल 6.03 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।

सूरत में भी बाढ़ जैसे हालात

गुजरात का सूरत शहर भी मूसलधार बारिश से प्रभावित है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन यहां बारिश जारी रही, जिससे गीतानगर इलाका 3 से 4 फीट पानी में डूब गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। शहर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की 5 घटनाएं 

उत्तर भारत में भी बारिश का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश के दो जिलों में बीते 24 घंटों में बादल फटने की पांच घटनाएं हुईं, जिससे अचानक बाढ़ आ गई। इन घटनाओं में कई लोगों के बहने की सूचना है, जिनमें से अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव और राहत कार्य जारी है। कुल्लू जिले में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है, जहां 2,000 से अधिक टूरिस्ट बाढ़ और लैंडस्लाइड की वजह से फंसे हुए हैं। प्रशासन ने सेना की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

राजस्थान में भी मानसून सक्रिय

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में भी मानसून की बारिश ने अपना असर दिखाया है। बीते 24 घंटे में यहां 8 इंच तक बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने से फसलें प्रभावित हो सकती हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।

देश के कई हिस्सों में मानसून का रौद्र रूप

देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय मानसून ने जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अहमदाबाद से लेकर कुल्लू और बांसवाड़ा तक भारी बारिश, बाढ़ और बादल फटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में और अधिक बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में जनता से सतर्क रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts