देशभर में मौसम का कहर! कहीं पहाड़ दरके, कहीं नदियां उफनीं, 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अलग-अलग रूप में दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड में पहाड़ दरकने से लोगों की परेशानी बढ़ी है, वहीं बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और कटाव की स्थिति बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते कुछ जिलों में स्कूल बंद करने पड़े हैं। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में फिलहाल बारिश की रफ्तार धीमी रहने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र प्रदेश में बारिश बढ़ा सकता है।
पौड़ी में लैंडस्लाइड, दुकानों पर खतरा
उत्तराखंड के पौड़ी जिले में लैंडस्लाइड के बाद पाबौ बाजार में खतरा बढ़ गया है। मिट्टी और चट्टान खिसकने से छह दुकानों को खाली कराया गया है। बाजार की 25 से ज्यादा दुकानों पर खतरा बना हुआ है। कई घरों और दुकानों में दरारें भी दिखाई दी हैं। पहाड़ी जिलों में बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
यूपी में बारिश, कई स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी और प्रयागराज समेत 23 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। बारिश को देखते हुए लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद किए गए हैं। वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक छुट्टी रहेगी, जबकि बड़ी कक्षाओं के स्कूल तय समय के अनुसार चलेंगे।
बिहार में 36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार में गंगा समेत आठ नदियां अब भी उफान पर हैं। राज्य के 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में पानी घरों और खेतों तक पहुंच गया है। सारण में बांध टूटने के बाद हालात और मुश्किल हुए हैं। गंगा के साथ कोसी, गंडक और घाघरा का जलस्तर भी चिंता बढ़ा रहा है।
शांति एक्सप्रेस में अशांति! चूहे-काकरोच ने घेरा कोच, यात्रियों को मिली गंदी चादर
बंगाल में गंगा का बढ़ा जलस्तर
पश्चिम बंगाल के मालदा में गंगा का पानी बढ़ने से बाढ़ और कटाव तेज हो गया है। महानंदा टोला और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। स्थानीय इलाकों में लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है।
MP में तीन दिन बारिश पर ब्रेक
मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर रहने वाली हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 11 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 11 सितंबर को पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसका असर 12 सितंबर से मध्य प्रदेश में दिखने की उम्मीद है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक बारिश कमजोर रह सकती है। नए मौसम सिस्टम के असर से 12 सितंबर से पूर्वी हिस्सों में बारिश शुरू होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून कमजोर है, जबकि हरियाणा में बारिश कम होने के साथ तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है।
7 मौतों के बाद जागा प्रशासन! 5 गिरफ्तारियां, 27 इमारतों पर चलेगा बुलडोजर; PG के नियम भी बदलेंगे
16 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र में बारिश को लेकर चेतावनी दी है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




















