भिंड में भाई के साथ बाजार जा रही युवती ने गौरी सरोवर में लगाई छलांग, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

भिंड। शहर के गौरी सरोवर में शनिवार शाम एक युवती ने छलांग लगा दी। युवती की पहचान अंजलि बघेल, निवासी बीटीआई क्षेत्र, भिंड के रूप में हुई है। उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और सरोवर में उसकी तलाश शुरू की। रात तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका।
भाई के साथ बाजार जा रही थी युवती
जानकारी के अनुसार, अंजलि अपने भाई के साथ फॉर्म भरने के सिलसिले में बाजार जा रही थी। गौरी सरोवर के पास उसने भाई से गाड़ी रुकवाई। इसके बाद वह अपनी चप्पल और दुपट्टा किनारे छोड़कर सरोवर के गहरे पानी में छलांग लगा दी। युवती को देख आसपास मौजूद लोगों ने ध्यान दिया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
एसडीआरएफ ने शुरू किया तलाशी अभियान
सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने सरोवर में युवती की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने पानी में खोजबीन की, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने और पानी में दृश्यता कम होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा।
ये भी पढ़ें: भिंड में 6.76 लाख रुपए का 2600 किलो मावा जब्त, होटल किंग्स इंपीरियल में मिली एक्सपायरी खाद्य सामग्री
घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। युवती के परिजन भी उसकी तलाश को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल प्राथमिकता युवती का पता लगाने की है। आगे तलाशी अभियान चलाकर उसे खोजने के प्रयास किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: गोहद नगर पालिका के खिलाफ 7 पार्षदों ने खोला मोर्चा, सफाई से लेकर भुगतान तक में गड़बड़ी के आरोप




















