JDU ने अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, पत्नी नीलम देवी पर भी एक्शन

बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। साथ ही उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है। पार्टी ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी की है।
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा
JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से जारी कार्यालय आदेश में अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित करने की जानकारी दी गई है। पार्टी ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने का अनुरोध किया है। पार्टी के मुताबिक, अनंत सिंह लगातार निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे। उन पर शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है।
नीरज कुमार के खिलाफ खोला था मोर्चा
अनंत सिंह की नाराजगी पटना स्नातक सीट से JDU उम्मीदवार नीरज कुमार को लेकर सामने आई थी। उन्होंने चुनाव के दौरान नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर बयान दिए थे और जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करने की बात कही थी। मतदान के दिन भी अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था, 'नीरज कुमार का किला टूट चुका है।' उन्होंने अपने समर्थकों के साथ जीत का दावा किया था। मतदान खत्म होने से पहले ही अपने सरकारी आवास पर पटाखे फोड़कर जश्न भी मनाया था।
'मैं चाहता हूं JDU मुझ पर कार्रवाई करे'
पार्टी की कार्रवाई से पहले ही अनंत सिंह JDU के संभावित फैसले को लेकर बयान दे चुके थे। उन्होंने कहा था, 'मैं चाहता हूं JDU मुझ पर कार्रवाई करे। ना मुझे मरने का गम है और न जीने की खुशी है।' अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर उन्हें परेशान करने का आरोप भी लगाया था। उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है और अब कुछ बचा नहीं है। नीरज कुमार के चुनाव के बाद 'बुखार उतरने' वाले बयान पर भी उन्होंने कहा था कि देखा जाएगा और उन्हें किसी बात का डर नहीं है।
पत्नी नीलम देवी भी 6 साल के लिए निष्कासित
JDU ने अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी गई है। उन्हें भी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।
नीतीश कुमार के विरोध से इनकार करते रहे अनंत सिंह
नीरज कुमार के खिलाफ लगातार बयान देने के बावजूद अनंत सिंह यह कहते रहे थे कि उनका विरोध मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नहीं है। उन्होंने कहा था कि वह नीतीश कुमार का विरोध नहीं कर सकते और JDU में बने हुए हैं। अब अनंत सिंह और नीलम देवी को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद बिहार की सियासत में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा पर अब विधानसभा अध्यक्ष का फैसला अहम होगा।




















