सतर्कता जागरूकता सप्ताह-स्टाफ को रिश्वत नहीं लेने की शपथ दिला रहे सीजीएसटी व आयकर विभाग

भोपाल। केंद्र सरकार के कार्यालयों में अफसर-कमचारियों को रिश्वत न लेने और ईमानदारी-पारदर्शिता से काम करने की शपथ दिलाई जा रही है। केंद्रीय सतर्कता आयोग की पहल पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक विजिलेंस वीक मनाया जा रहा है। आयकर महानिदेशक इन्वेस्टीगेशन विंग भोपाल द्वारा सोमवार को अपने स्टाफ को 'रिश्वत को न' कहने के साथ आधा दर्जन बिंदुओं की शपथ दिलाई जाएगी। सेंट्रल जीएसटी विभाग ने भी ऐसा आयोजन रखा है। हालांकि सीजीएसटी के सुप्रिंटेंडेंट की रिश्वतखोरी का मामला सुर्खियों में है।'
'भ्रष्टाचार को न' कहने की नसीहत
आयकर भवन परिसर में विभाग की ओर से जनजागरुकता के लिए होर्डिंग्स-पोस्टर्स लगाकर स्टाफ एवं पब्लिक के लिए 'भ्रष्टाचार को न' कहने की नसीहत दी जा रही है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि यह सप्ताह केंद्रीय सतर्कता आयोग(सीवीसी) द्वारा भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) के संदर्भ में मनाया जाता है। सीवीसी ने वर्ष 2026 की थीम- 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि 'रखी है। सार्वजनिक जीवन और प्रशासन में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए यह कवायद की जा रही है।
टैक्स पेयर्स-पब्लिक को भी मैसेज
मप्र-छग के आयकर डीजी इन्वेस्टिगेशन द्वारा कार्यालय परिसर में स्टाफ की शपथ के लिए 6 पॉइंट तय किए गए हैं। आयकर विभाग जनजागरुकता के इस कार्यक्रम के जरिए अपने अफसर-कर्मचारियों को ही नहीं बल्कि टैक्स पेयर्स और पब्लिक को भी इस बात के लिए प्रेरित करता है वे न तो रिश्वत दें और न ही भ्रष्टाचार को बढ़ावा दें। होर्डिंग्स-पोस्टर्स के जरिए अवेयरनेस कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
ये हैं शपथ के पॉइंट
- रिश्वत न लेंगे और न देंगे।
- जनहित में कार्य करेंगे।
- सभी कार्य ईमानदारी व पारदर्शिता से करेंगे।
- विधि के शासन और सत्यनिष्ठा का पालन।
- अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
- भ्रष्टाचार की सूचना संबंधित एजेंसी को देंगे।
सीजीएसटी अफसरों ने तोड़ी कसम
सेंट्रल जीएसटी विभाग में भी विजिलेंस वीक के तहत सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई जा रही है। सीजीएसटी भोपाल में पदस्थ सुप्रिंटेंडेंट राजेश कुमार गुप्ता को 2 लाख की रिश्वत लेते सीबीआई ने 10अक्टूबर को गिरफ्तार कर उनके निवास से 72.5 लाख रुपए नकदी जब्त किए हैं। भोपाल सीजीएसटी में 4 साल के दौरान 14 अफसर कसम तोड़ते हुए पकड़े जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें: PU Special : भोपाल CGST जोन के करीब 14 अफसर भ्रष्टाचार के मामलों में CBI के शिकंजे में, चार साल में बढ़े केस




















