जबलपुर में भाजपा नेताओं के दो गुटों में मारपीट, चाकू से हमले का आरोप; दोनों पक्षों पर केस दर्ज

जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के बम्हनी चौराहे पर 23 अक्टूबर की रात भाजपा से जुड़े नेताओं और उनके साथियों के बीच विवाद हिंसक हो गया। मारपीट की इस घटना में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल, प्रदीप साहू, दिलीप साहू समेत कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बीच-बचाव के दौरान चाकू से हमले का आरोप
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के अनुसार, ग्राम बम्हनी निवासी प्रवेश पटेल (28) ने शिकायत में बताया कि 23 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह प्रदीप साहू की दुकान पर पहुंचा था। वहां रामेश्वर साहू, प्रहलाद साहू, लखन साहू और दिनेश साहू अपने कुछ साथियों के साथ विवाद कर रहे थे। प्रवेश पटेल के मुताबिक, बीच-बचाव करने के दौरान रामेश्वर साहू ने चाकू से उसके पेट पर हमला कर दिया। इसके बाद मारपीट में रॉड और डंडों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे प्रदीप साहू, दिलीप साहू, पिंकी साहू, संध्या साहू और जगदीश साहू को भी चोटें आईं। जगदीश साहू के बेहोश होने की बात भी शिकायत में कही गई है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 118(1), 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
500 रुपये के नोट को लेकर दूसरे पक्ष ने लगाए आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से राहुल झारिया (22) ने शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे अंकित साहू के साथ प्रदीप साहू की किराना दुकान पर गुटखा खरीदने गया था। राजश्री खरीदने के बाद 500 रुपये के नोट और वापस मिली रकम को लेकर विवाद शुरू हो गया।राहुल के आरोप के मुताबिक प्रदीप साहू, शेखर राव और प्रवेश पटेल ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे रामेश्वर साहू, दिनेश साहू, लखन साहू और प्रहलाद साहू भी घायल हो गए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाए हैं। पुलिस अब शिकायतों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में जनपद सदस्य रामेश्वर साहू और उनके भाइयों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रामेश्वर साहू को जिला पंचायत सदस्य रानी साहू का पति बताया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के पीछे प्रतिमा स्थापना, चंदा जुटाने और समिति से जुड़ा पुराना विवाद भी वजह हो सकता है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विवाद की वास्तविक पृष्ठभूमि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
डिप्टी सीएम के पूर्व ओएसडी रायचूरा पर एफआईआर दर्ज, शराब ठेके में फर्जी एफडीआर का आरोप
दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच में जुटी पुलिस
बम्हनी चौराहे पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। अब पुलिस घायलों के बयान, घटनाक्रम और संबंधित आरोपों की जांच कर रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















