भिंड में 6.76 लाख रुपए का 2600 किलो मावा जब्त, होटल किंग्स इंपीरियल में मिली एक्सपायरी खाद्य सामग्री

भिंड। दीपावली पर मिठाई और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ते ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और लापरवाह प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को मेहगांव में मावा परिवहन कर रहे वाहन से 2600 किग्रा मावा जब्त किया गया, इसकी कीमत करीब 6.76 लाख रुपए है। जिले में डेयरियों, तेल पैकिंग यूनिट और होटल में जांच के दौरान नमूने लिए गए तथा अनियमितताओं पर नोटिस जारी किए गए।
डेयरी से दूध और मावे के नमूने लिए
कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर ने गोहद चौराहे की शीतला दुर्गा डेयरी और कृष्णा डेयरी से दूध व मावे के नमूने लिए। अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर नोटिस जारी किया गया। राम लखन तोमर फूड प्रोडक्ट्स की तेल पैकिंग यूनिट से टीआर ब्रांड सरसों तेल का नमूना लिया गया। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उसे भी नोटिस दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल ने मेहगांव में मावा से भरे वाहन की जांच कर 4 नमूने लिए और मावा जब्त किया।
ये भी पढ़ें: त्योहार से पहले मावा-पनीर पर एक्शन! रात में प्लांट पहुंची खाद्य विभाग की टीम और 20 हजार का माल किया जब्त
नारायणी होटल में एक्सपायरी डेट के पाव मिले
वहीं, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि नीलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने नारायणी होटल में जांच की, वहां एक्सपायरी डेट के 4 पाव अलमारी में रखे मिले, जो नष्ट करने के लिए रखे हुए थे। हौअल को धारा 32 का नोटिस दिया गया। टीम ने होटल किंग्स इंपीरियल की जांच की। वहां एक्सपायरी छेना पाउडर और सड़ा धनिया व ब्रोकली नष्ट कराई गई। पनीर और सरसों तेल के नमूने लेकर कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें: 204 किलो एनालॉग पनीर जब्त; सीहोर की डेयरी में गंदगी के बीच चल रहा था निर्माण, खाद्य विभाग की टीम ने रुकवाया कारोबार




















