Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गोहद नगर पालिका में अध्यक्ष-CMO के खिलाफ 15 पार्षद लामबंद, शिकायत के बाद PIC समिति भंग

भिण्ड के गोहद नगर पालिका में अध्यक्ष मंजू माहौर और CMO सोनू सिंह परिहार के खिलाफ पार्षदों ने शिकायत की है। 23 अक्टूबर को PIC समिति भंग होने से विवाद गहरा गया।

भिण्ड। गोहद नगर पालिका में अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सोनू सिंह परिहार के खिलाफ पार्षदों की लामबंदी तेज हो गई है। 15 पार्षदों के विरोध में एकजुट होने की बात सामने आई है। शुक्रवार को 8 पार्षदों ने एसडीएम विकास कैमोर को लिखित शिकायत सौंपकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए थे। वहीं, कुछ पार्षदों के जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने की जानकारी है। इस बीच 23 अक्टूबर को प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (PIC) समिति भंग किए जाने से विवाद और गहरा गया है। शिकायत करने वाले पार्षदों में अधिकांश समिति के सदस्य बताए गए हैं। ऐसे में शिकायत और समिति भंग होने की घटनाओं के क्रम ने नगर पालिका की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिकायत के अगले दिन PIC समिति भंग

पार्षदों की ओर से एसडीएम को शिकायत सौंपे जाने के बाद PIC समिति भंग करने का आदेश जारी हुआ। जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर के अनुमोदन पर CMO सोनू सिंह परिहार ने 23 अक्टूबर 2026 की तारीख से संबंधित आदेश जारी किया। समिति में शामिल पार्षदों के विरोध के बीच यह कार्रवाई सामने आने से नगर पालिका के अंदर चल रही खींचतान चर्चा में है। हालांकि, समिति भंग करने के पीछे किसी खास वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि समिति भंग करने की कार्रवाई का शिकायत से कोई सीधा संबंध है या नहीं।

समिति में शामिल थे कई शिकायतकर्ता

PIC समिति में पार्षद रजिया अकरम खान, जरीना साबू खान, बृजेंद्र यादव, दिनेश नारायण शुक्ला, बिनीता मुन्नेश तोमर और मनीष मांझी के नाम शामिल बताए गए हैं। राजाबेटी मदर ओफ बल्लू सैमर को पहले ही समिति से बाहर किए जाने की जानकारी दी गई है। ऐसे में समिति के सदस्यों और नगर पालिका नेतृत्व के बीच मतभेद का मामला अब खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है।

गोहद और मेहगांव में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले जलाए, बाइक रैली निकाली

वरिष्ठ कार्यालयों तक पहुंचीं शिकायतें

नगर पालिका अध्यक्ष और CMO के खिलाफ वरिष्ठ कार्यालयों में भी शिकायतें पहुंचने की जानकारी सामने आई है। शिकायतों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग किए जाने की बात कही जा रही है। यदि जिला प्रशासन इन शिकायतों पर जांच के आदेश देता है, तो नगर पालिका के कामकाज और संबंधित निर्णयों की पड़ताल हो सकती है। फिलहाल जांच शुरू होने या किसी आरोप की पुष्टि होने की आधिकारिक जानकारी नहीं है।

सफाई अभियान के बीच भी उठ रहे सवाल

कलेक्टर की नाराजगी के बाद CMO सोनू सिंह परिहार के गंज बाजार में सफाई कार्य में शामिल होने की जानकारी सामने आई। इस दौरान कुछ पत्रकार भी मौजूद बताए गए। एक ओर नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक सक्रियता दिखाई दी, तो दूसरी ओर नगर पालिका की कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं को लेकर पार्षदों की शिकायतें चर्चा में रहीं।

गोहद नगर पालिका के खिलाफ 7 पार्षदों ने खोला मोर्चा, सफाई से लेकर भुगतान तक में गड़बड़ी के आरोप

CMO बोले- PIC भंग करना अध्यक्ष का अधिकार

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सोनू सिंह परिहार ने कहा, अध्यक्ष महोदय के द्वारा PIC भंग की गई है। इसके लिए कारण बताने की आवश्यकता नहीं होती। वह अपने विवेक से कभी भी PIC भंग कर सकते हैं। यह उनका अधिकार है। CMO तो केवल सूचना देने के लिए आदेश जारी करता है। CMO के इस बयान के बाद अब विवाद के केंद्र में PIC समिति भंग करने की प्रक्रिया और पार्षदों की शिकायतों पर जिला प्रशासन की संभावित कार्रवाई है। आने वाले दिनों में प्रशासन इन शिकायतों पर क्या रुख अपनाता है और नगर पालिका के भीतर चल रही खींचतान किस दिशा में जाती है, इस पर नजर रहेगी।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ। 11 अगस्त 2014 से पीपुल्स समाचार, ग्वालि...

Latest Posts