नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के पास भीषण आग, कई सिलेंडर फटे! दुकानों तक पहुंचीं लपटें

नोएडा। नोएडा के सेक्टर 126 में एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 2 के पास शनिवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यूनिवर्सिटी के सामने स्थित एक कैफे और आसपास की दुकानों में आग फैल गई। इस दौरान चार से पांच LPG सिलेंडरों में धमाके हुए। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और उसे दूसरी जगह फैलने से रोकने की कोशिश की गई।
एक के बाद एक धमाकों से मची अफरा-तफरी
शुरुआत में एक दुकान में सिलेंडर फटने से आग लगी। इसके बाद आग ने आसपास की दूसरी दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती खबरों में करीब पांच से छह दुकानों के प्रभावित होने की बात कही गई है। कुछ दुकानों में भी सिलेंडर फटने की सूचना मिली।
'न पीस बॉन्ड भरेंगे, न किसी शर्त पर करेंगे हस्ताक्षर...', नेहा बोरा का दो टूक जवाब
वेल्डिंग के काम के दौरान लगी आग?
मून लाइट कैफे के मालिक जयराम के मुताबिक, घटनास्थल के पास एक मंदिर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान मंदिर के बगल में मौजूद एक कैफे में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं।
छात्रों और पीजी में रहने वालों के बीच चिंता
एमिटी यूनिवर्सिटी के आसपास का इलाका छात्रों की आवाजाही के लिए जाना जाता है। यहां कई कैफे, खाने-पीने की दुकानें और छात्रों के लिए पीजी आवास मौजूद हैं। शनिवार को कैंपस में छात्रों की मौजूदगी कम होने की बात भी सामने आई है।
दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग बुझाने के साथ आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के प्रयास किए गए। जिला एंबुलेंस प्रभारी सत्यवीर सिंह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एंबुलेंस रवाना कर दी गई थीं। शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान और हादसे की वजह को लेकर संबंधित विभागों की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।




















