छत्तीसगढ़ में IT का बड़ा एक्शन: 3 शहरों में स्टील कारोबारियों पर छापे, PRA-जेपी मित्तल और बर्बरीक ग्रुप निशाने पर

रायपुर: छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह स्टील और लोहा कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारी समूहों के ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई शुरू की। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और रायगढ़ में अलग-अलग टीमें पहुंचीं। रायपुर में PRA ग्रुप, बिलासपुर में लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल और रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात एवं बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर जांच की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है।
एक साथ कई ठिकानों पर IT का शिकंजा
आयकर विभाग की टीमें कारोबारियों के आवास, कार्यालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। कई स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
रायपुर में PRA ग्रुप के ठिकानों पर छापा
राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी में PRA ग्रुप से जुड़े कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के आवास पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। सुबह से ही अधिकारी दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच में जुटे हुए हैं। इसके अलावा PRA ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर स्थित मूल निवास और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई है। पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों की जांच जारी है।
संबंधित खबर: रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर ED की दबिश, दुर्ग में गुलशन बघेल के ठिकाने पर भी छापा
रायगढ़ में सुबह 5 बजे पहुंचीं IT की टीमें
रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों को जांच के दायरे में लिया है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की अलग-अलग टीमें संबंधित ठिकानों पर पहुंचीं। बर्बरीक हाउस समेत चार स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं और साथ कारोबार करते हैं। इसी कड़ी में संबंधित फर्मों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई है।
बिलासपुर में जेपी मित्तल के घर और दफ्तर पर रेड
बिलासपुर के बड़े लोहा कारोबारियों में शामिल जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। तीन गाड़ियों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने विद्या नगर स्थित उनके आवास 'प्रकाश पुंज' में जांच शुरू की। इसके साथ ही व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात और स्टीलमार्ट के कार्यालय में भी दबिश दी गई। हनुमान हार्डवेयर स्टोर नाम से संचालित दुकान को भी जांच के दायरे में लिया गया है। अधिकारियों की ओर से कारोबारी से पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की दबिश
छापेमारी का दायरा केवल रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ तक सीमित नहीं है। जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, वहां किन कारोबारियों या प्रतिष्ठानों के यहां जांच की जा रही है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
संबंधित खबर: महादेव सट्टा नेटवर्क पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर रेड, किराए के खातों से विदेश भेजते थे करोड़ों
अब जांच के नतीजों पर टिकी नजरें
आयकर विभाग की टीमें फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर कारोबारी दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान क्या-क्या जानकारी मिली है और जांच में किसी तरह की वित्तीय अनियमितता सामने आई है या नहीं, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने और विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह और उसके परिणाम स्पष्ट हो सकेंगे।



















