सिंधिया राजघराने की संपत्ति का विवाद: अदालत में पेश नहीं होने पर प्रतिमा देवी पर लगा 10 हजार रुपए का हर्जाना

ग्वालियर। सिंधिया राजघराने की संपत्तियों के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा कानूनी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। बुधवार को ग्वालियर की अतिरिक्त सत्र न्यायालय में संपत्ति के आपसी बंटवारे (आउट ऑफ कोर्ट सेटलमेंट) से जुड़े मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान प्रतिमा देवी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने उन पर 10 हजार रुपए का हर्जाना लगाया है। दरअसल, सिंधिया परिवार की संपत्ति में प्रमुख रूप से माधवराव सिंधिया और उनकी चार बहनों पद्मावती, वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे के हिस्से बताए जाते हैं।
प्रतिमा देवी और कनिका देवी ने किया अधिकार का दावा
माधवराव सिंधिया के निधन के बाद उनके हिस्से के उत्तराधिकारी ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। वहीं, पद्मावती के निधन के बाद उनकी बेटियों प्रतिमा देवी और कनिका देवी ने संपत्ति में अपने अधिकार का दावा किया है। प्रतिमा देवी का कहना है कि अपनी मां के हिस्से की संपत्ति में उनका 10 प्रतिशत और उनकी बहन कनिका देवी का भी 10 प्रतिशत अधिकार है। संपत्तियों के बंटवारे को लेकर परिवार के अधिकांश सदस्यों के बीच सहमति बनी थी, लेकिन प्रतिमा देवी को इस समझौते में शामिल नहीं किए जाने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप रहा कि उन्हें अपनी मां के हिस्से का अधिकार नहीं दिया गया।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर: 15 साल पुराना सिंधिया परिवार का संपत्ति विवाद सुलझा, कोर्ट में पेश हुआ समझौता
नोटिस तामील करने को लेकर भी उठाए थे सवाल
प्रतिमा देवी ने नोटिस की तामील को लेकर भी सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि वे नेपाल के काठमांडू में रहती हैं, जबकि उन्हें नोटिस नेपालगंज के पते पर भेजे जा रहे थे। पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण उन्हें एकपक्षीय घोषित कर दिया गया। प्रतिमा देवी की आपत्ति के बाद संपत्ति बंटवारे का विवाद कानूनी रूप से और गहरा गया है। बुधवार की सुनवाई में उनकी अनुपस्थिति के चलते अदालत ने 10 हजार रुपए का हर्जाना लगाया।




















