Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना नगर निगम ने काटे 401 बिजली कनेक्शन, हर महीने 1.25 करोड़ रुपए बचाने का दावा

आर्थिक तंगी और बढ़ते बिजली बिलों के बीच सतना नगर निगम ने खर्च घटाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। निगम ने अपने कुल 864 बिजली कनेक्शनों में से 401 को गैरजरूरी मानते हुए बंद करा दिया है। दावा है कि इस कार्रवाई से हर महीने करीब 1.25 करोड़ रुपए की बचत होगी। इस हिसाब से सालाना बचत का अनुमान 15 करोड़ रुपए लगाया गया है।
सतना नगर निगम ने काटे 401 बिजली कनेक्शन, हर महीने 1.25 करोड़ रुपए बचाने का दावा
सतना नगर निगम ने काटे 401 बिजली कनेक्शन

सतना। नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर निगम के विद्युत विभाग और बिजली वितरण कंपनी की संयुक्त टीम ने सभी कनेक्शनों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में यह देखा गया कि कौन-से कनेक्शन वास्तव में उपयोग में हैं, कहां बिजली की जरूरत नहीं है और किन कनेक्शनों पर अनावश्यक खर्च हो रहा है। इसी प्रक्रिया में 401 कनेक्शन गैरजरूरी पाए गए, जिन्हें बंद करा दिया गया।

358 स्ट्रीट लाइट, भवन और पार्क के कनेक्शन बंद

बंद किए गए कनेक्शनों में 358 स्ट्रीट लाइट, नगर निगम भवनों और पार्कों से संबंधित हैं, जबकि 43 कनेक्शन पंपों के हैं। इस तरह निगम ने अलग-अलग श्रेणियों में बिजली कनेक्शनों की समीक्षा कर खर्च कम करने की कोशिश की है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल वास्तविक आवश्यकता वाले कनेक्शन ही चालू रखे जाएं।

ये भी पढ़ें: सीहोर में सड़क और बिजली संकट पर ग्रामीणों का अल्टीमेटम, 7 दिन में सुधार नहीं तो फिर होगा चक्काजाम

बिजली बिलों की भी होगी नियमित समीक्षा

आयुक्त ने अधिकारियों को बिजली बिलों की नियमित समीक्षा करने और अनावश्यक खपत पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। मकसद सिर्फ कनेक्शन बंद करना नहीं, बल्कि बिजली व्यवस्था को व्यवस्थित और किफायती बनाना है। अगर अनुमानित बचत वास्तविक रूप में हासिल होती है तो निगम के बजट पर आर्थिक दबाव कम हो सकता है। इस राशि का इस्तेमाल सड़क, नाली, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास में किया जा सकेगा।

Breaking News

बचत के दावे के साथ सेवाएं बनाए रखना भी चुनौती

हालांकि इस पूरी कवायद के सामने एक अहम सवाल भी है। स्ट्रीट लाइट, पेयजल सप्लाई और पंपों से जुड़ी बिजली व्यवस्था में कटौती के बाद कहीं नागरिक सुविधाएं प्रभावित तो नहीं होंगी? 401 कनेक्शन बंद होने के बाद यह सुनिश्चित करना जरूरी होगा कि अंधेरे में रहने वाली सड़कें न बढ़ें और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। साथ ही 1.25 करोड़ रुपए मासिक बचत के दावे का वास्तविक आंकड़ों से मिलान भी महत्वपूर्ण होगा। 

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts