Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना में महापौर पर 70 लाख और MIC सदस्य पर 20 लाख का संपत्ति कर बकाया, कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल

सतना नगर निगम की बकायेदारों की सूची में महापौर योगेश ताम्रकार पर 70 लाख और MIC सदस्य गोपी गेलानी पर 20 लाख रुपए का संपत्ति कर बकाया दर्ज है। कांग्रेस विधायक ने जांच की मांग की है।
सतना में महापौर पर 70 लाख और MIC सदस्य पर 20 लाख का संपत्ति कर बकाया, कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल
महापौर पर 70 लाख और MIC सदस्य पर 20 लाख का संपत्ति कर बकाया

सतना। नगर निगम में संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी के बीच महापौर और मेयर इन काउंसिल (MIC) के सदस्य का नाम भी बकायेदारों की सूची में सामने आया है। निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, महापौर योगेश ताम्रकार के नाम करीब 70 लाख रुपए और MIC सदस्य गोपी गेलानी के नाम 20 लाख रुपए संपत्ति कर बकाया दर्ज है। दोनों की कुल बकाया राशि करीब 90 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने बकाया राशि और संबंधित संपत्तियों की जांच कराने की मांग की है। वहीं, महापौर ने स्पष्ट किया है कि उनकी किसी भी निजी संपत्ति पर टैक्स बकाया नहीं है और सूची में दर्ज राशि लीज की जमीन से जुड़े न्यायालय में लंबित मामले से संबंधित है।

100 बड़े बकायेदारों पर सीलिंग और कुर्की की तैयारी

सतना नगर निगम प्रशासन ने संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने वाले 100 बड़े बकायेदारों को चिह्नित किया है। इनसे बकाया राशि वसूलने के लिए कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। भुगतान नहीं करने की स्थिति में संपत्तियों को सील करने और कुर्की जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। संपत्ति कर वसूली की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त डॉ. बी. नागार्जुन गौड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदारों से सीधे संपर्क कर बकाया राशि जमा कराई जाए। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसी सूची में महापौर और MIC सदस्य के नाम सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि नगर निगम इन मामलों में किस तरह कार्रवाई करेगा।

विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने की जांच की मांग

कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने महापौर योगेश ताम्रकार और MIC सदस्य गोपी गेलानी का नाम बकायेदारों की सूची में शामिल होने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे सतना की जनता के साथ धोखा बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि संबंधित संपत्तियों पर कितने समय से संपत्ति कर बकाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लंबे समय से टैक्स जमा नहीं किया गया है, तो संबंधित संपत्तियों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) किस आधार पर जारी किया गया। उन्होंने भाजपा शासन में निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय मिलने की उम्मीद पर भी सवाल उठाए।

महापौर बोले- निजी संपत्ति का कोई टैक्स बकाया नहीं

महापौर योगेश ताम्रकार ने नगर निगम की सूची में दर्ज करीब 70 लाख रुपए की बकाया राशि को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी भी निजी संपत्ति का संपत्ति कर बकाया नहीं है। महापौर के अनुसार सूची में जिस राशि का उल्लेख किया गया है, वह लीज पर ली गई जमीन से संबंधित है। इस मामले को लेकर न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है और अदालत के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय का जो भी फैसला आएगा, उसका सम्मान किया जाएगा। महापौर ने छत्तीसगढ़ सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लीज पर जमीन लेने वाले उद्योगों को टैक्स में राहत दी गई है।

निगमायुक्त ने की पुष्टि, सूची में महापौर का नाम

नगर निगम आयुक्त डॉ. बी. नागार्जुन गौड़ा ने पुष्टि की है कि नगर निगम की बड़े बकायेदारों की सूची में महापौर योगेश ताम्रकार का नाम शामिल है।उन्होंने बताया कि निगम प्रशासन बड़े बकायेदारों से संपत्ति कर वसूली के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों को बकायेदारों से संपर्क कर भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि महापौर की ओर से संबंधित संपत्ति का मामला न्यायालय में लंबित होने की बात कही गई है। ऐसे में इस संपत्ति की कर देनदारी और वसूली से संबंधित आगे की कार्रवाई पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

सतना जिला अस्पताल के डस्टबिन में मिला 1.7 किलो का मृत भ्रूण, CCTV में संदिग्ध महिला कैद; DNA जांच से खुलेगा राज

90 लाख की बकाया राशि को लेकर बढ़ा राजनीतिक विवाद

नगर निगम की सूची में महापौर और MIC सदस्य के नाम पर कुल करीब 90 लाख रुपए की बकाया राशि दर्ज होने से मामला राजनीतिक रूप से चर्चा में आ गया है। एक ओर निगम प्रशासन 100 बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने जनप्रतिनिधियों से संबंधित बकाया राशि और संपत्तियों के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts