Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में 25 करोड़ की रंगदारी कांड में TI विनीत दुबे सस्पेंड, शोएब को पुलिस दबिश की खबर लीक करने का आरोप

रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में TI विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि पुलिस की दबिश की गोपनीय जानकारी लीक होने से फरार आरोपी शोएब ढेबर भाग निकला। इससे पहले ACCU के दो आरक्षक भी सस्पेंड हो चुके हैं।
रायपुर में 25 करोड़ की रंगदारी कांड में TI विनीत दुबे सस्पेंड, शोएब को पुलिस दबिश की खबर लीक करने का आरोप

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला अब पुलिस विभाग के भीतर कार्रवाई तक पहुंच गया है। फरार आरोपी शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए बनाई गई पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने के आरोप में नारायणपुर में पदस्थ TI विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के IG बद्री नारायण मीणा ने रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। इस मामले में इससे पहले ACCU के दो आरक्षकों पर भी निलंबन की गाज गिर चुकी है।

संबंधित खबर: रायपुर में 4 करोड़ की रंगदारी का आरोप, पूर्व महापौर के भाई अनवर ढेबर समेत 6 पर FIR; होटल में कारोबारी से मारपीट, परिवार को खत्म करने की दी धमकी

25 करोड़ की रंगदारी केस में पुलिसकर्मी पर गिरी गाज

रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान पुलिस की गोपनीय कार्रवाई से जुड़ी जानकारी लीक होने का मामला सामने आया था। आरोप है कि पुलिस की दबिश से पहले ही फरार आरोपी शोएब ढेबर को कार्रवाई की भनक लग गई और वह मौके से निकल गया। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस विभाग में गोपनीय सूचनाएं लीक होने को लेकर सवाल उठने लगे। विभागीय स्तर पर जांच और रिपोर्ट के बाद TI विनीत दुबे के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।

/img/129/1794999473976

दबिश से पहले शोएब ढेबर हुआ फरार

पुलिस इस मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की रणनीति तैयार की गई थी।आरोप है कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब ढेबर को दबिश की जानकारी मिल गई और वह ठिकाने से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी किसने और कैसे लीक की, इसे लेकर जांच शुरू हुई।

रायपुर कमिश्नर की रिपोर्ट पर TI सस्पेंड

बस्तर रेंज के IG कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के मुताबिक, रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 30 अक्टूबर 2026 को पत्र के माध्यम से TI विनीत दुबे के संबंध में प्रतिवेदन भेजा था। प्रतिवेदन में सामने आए तथ्यों और उनके आचरण को विभागीय मर्यादा एवं पद के अनुरूप नहीं पाए जाने के आधार पर निलंबन का निर्णय लिया गया। निलंबन अवधि के दौरान विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

संबंधित खबर: रायपुर में कांग्रेस नेता कुकरेजा से 25 करोड़ रंगदारी मामले में शोएब ढेबर की तलाश तेज,पुलिस की दबिश से पहले फरार

ACCU के दो आरक्षक भी हो चुके हैं सस्पेंड

इस प्रकरण में पुलिस विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी गोपनीय जानकारी लीक होने के संदेह में निलंबित किया जा चुका है। अब TI विनीत दुबे के निलंबन के बाद यह मामला पुलिस विभाग के भीतर सूचना तंत्र और गोपनीय कार्रवाई की सुरक्षा को लेकर और गंभीर हो गया है।

अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर नजर

25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी से जुड़े इस मामले में अब तक सामने आई पुलिस कार्रवाई के बीच सबसे बड़ा सवाल फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर है। साथ ही पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने के पूरे घटनाक्रम की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts