छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की रफ्तार तेज,174 करोड़ से बने 24 बड़े पुल

रायपुर: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। कभी नक्सल गतिविधियों के कारण विकास से कटे रहे बस्तर संभाग के दूरस्थ इलाकों में अब सड़कों और बड़े पुलों का जाल बिछाया जा रहा है। कांकेर जिले में पिछले तीन वर्षों के दौरान 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इन पुलों से करीब 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है। वहीं, 19 पुलों का निर्माण जारी है और 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को मंजूरी दी गई है।
नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास की नई राह
लोक निर्माण विभाग और कांकेर जिला प्रशासन के समन्वय से जिले के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने का काम किया जा रहा है। कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढ़की नदी में 12 करोड़ और महला नदी में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों से न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सरकारी योजनाओं को दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने में भी मदद मिल रही है।

ये भी पढ़ें: बीरगांव को 135 करोड़ की सौगात, CM साय ने खोला घोषणाओं का पिटारा,आवासीय पट्टे का भी ऐलान
61 करोड़ के 9 पुल तैयार, 80 गांवों को सीधा फायदा
पिछले कुछ महीनों में ही कांकेर जिले में 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा कराया गया है। इनमें प्रमुख रूप से:
- करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपये।
- बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपये।
- टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपये।
- कापसी (पीवी-130)-पखांजूर मार्ग पर त्रास नाला में 6 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण शामिल हैं।
- इन पुलों के तैयार होने से करीब 80 गांवों की 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है। अब ग्रामीणों के लिए उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, व्यापार, कृषि और पर्यटन गतिविधियों तक पहुंच आसान होगी।
महाराष्ट्र तक पहुंचेगी कनेक्टिविटी, अंतरराज्यीय आवागमन होगा आसान
कांकेर और नारायणपुर के माड़ क्षेत्र में अंतरराज्यीय संपर्क मजबूत करने के लिए भी बड़े पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इसके तहत मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं। वहीं, सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण जारी है। इनके पूरा होने के बाद दुर्गम इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
140 करोड़ के 19 पुलों का काम जारी
ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए राज्य शासन ने 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इन पुलों के तैयार होने से ग्रामीणों को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए मौसम और नदी-नालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत, जल्द शुरू होगा निर्माण
कनेक्टिविटी विस्तार की अगली कड़ी में राज्य शासन ने 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए उच्च स्तरीय पुलों को भी स्वीकृति दी है। इनमें प्रमुख निर्माण कार्य शामिल हैं:
- राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपये।
- मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपये।
- भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपये।
- कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये।
- सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये।
- हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये।
इन पुलों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: 2 लाख गरीब परिवारों का सपना हुआ साकार, जेठा में PM आवास का महाआयोजन,शिवराज-साय ने सौंपी घर की चाबी
पुलों से बदलेगी बस्तर की तस्वीर, ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
कांकेर जिले में पुल निर्माण की यह पहल केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। इससे दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार, पर्यटन और सरकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत होगी। बारिश के दिनों में नदी-नालों के कारण मुख्यालयों से कट जाने वाले गांवों को अब बारहमासी संपर्क का लाभ मिलेगा। नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बस्तर के विकास को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।




















