बैंकॉक की व्यस्त सड़क अचानक धंसी, 50 मीटर गहरा सिंकहोल, इलाके में हड़कंप, सामने आया खौफनाक VIDEO

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में बुधवार तड़के एक व्यस्त सड़क अचानक जमीन में समा गई, जिससे सड़क पर 50 मीटर गहरा गड्ढा (सिंकहोल) बन गया। यह हादसा वजीरा अस्पताल के आसपास हुआ, जिसके कारण आसपास के इलाके खाली कराए गए और ट्रैफिक पूरी तरह बंद करना पड़ा। सिंकहोल के कारण कई गाड़ियां नीचे गिर गईं और सड़क पर बने बिजली के खंभे भी ढह गए।
सड़क अचानक धराशायी, लोगों में दहशत
'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना बुधवार तड़के हुई। घटना स्थल पर पास में बन रहे अंडरग्राउंड रेलवे स्टेशन को इस हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है। सिंकहोल खुलने के दौरान सड़क पर कई वाहन मौजूद थे, जिन्हें देखकर लोग तेजी से पीछे हटे। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें सड़क के अचानक जमीन में समाने और गाड़ियों के नीचे गिरने की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है।
सड़क और आसपास के इलाके में व्यापक नुकसान
- गड्ढे का आकार लगभग 30 × 30 मीटर और गहराई 50 मीटर है।
- आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग और अस्पताल के मरीज सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए।
- सड़क किनारे बने बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली के तारों में चिंगारियां निकल रही थीं।
- पानी की पाइपलाइन टूटने के कारण तेज पानी बह रहा था।
- अस्पताल की इमारत और आसपास की अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचने का खतरा था।
प्रभावित क्षेत्र और बंद की गई सेवाएं
स्थानीय अधिकारियों ने सैमसेन रोड पर वजीरा अस्पताल के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया। अस्पताल ने दो दिन के लिए ओपीडी सर्विस बंद करने का फैसला किया।
इमरजेंसी टीम और इंजीनियरिंग टीमें गड्ढे को सुरक्षित करने और आगे के नुकसान को रोकने के लिए कार्यरत हैं। रेलवे स्टेशन को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
गवर्नर ने बताई हादसे की वजह
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपंट ने कहा कि हादसा भूमिगत रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य की वजह से हुआ है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन तीन वाहन नुकसान में आए हैं।
गवर्नर ने चेताया कि आगामी दिनों में भारी बारिश और सुपर टाइफून के कारण और नुकसान की संभावना है। अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित करने और सिंकहोल को जल्द ठीक करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।





















