वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा में एक हजार युवा 10 राज्यों के 20 मार्गों से गुजरेंगे

भोपाल। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने शुक्रवार को ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से यह यात्रा 17 सितंबर से शुरू हुई है और 7 अक्टूबर तक चलेगी। यात्रा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर, दोनों दिशाओं में संचालित हो रही है। देशभर से 1,000 से अधिक युवा ‘सेवा यात्री’ के रूप में इसमें शामिल होंगे।
वडनगर और वाराणसी को सेवा के माध्यम से जोड़ेगी यात्रा
टेलर ने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है, जबकि वाराणसी उनके वर्तमान लोकसभा क्षेत्र और सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव का प्रतिनिधित्व करता है। दोनों दिशाओं की यात्रा आस्था, संस्कृति और सेवा को जोड़ने का माध्यम बनेगी। वडनगर से वाराणसी जाने वाले यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे। वहीं वाराणसी से वडनगर जाने वाले यात्री उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल लेकर वडनगर के हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
20 मार्गों से 10 राज्यों तक पहुंचेगा सेवा संदेश
यात्रा में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर सहित विभिन्न राज्यों के युवा शामिल होंगे। अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और क्षेत्रों से आने वाले ये सेवा यात्री 20 मार्गों से 10 राज्यों-गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार से गुजरेंगे। यात्रा 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। 20 यात्रा टोलियों के नाम देश की पवित्र नदियों के नाम पर रखे गए हैं।
ये भी पढ़ें: Semicon India 2026 में दिखी ऐसी तकनीक, जो सेकेंडों में पकड़ेगी खामी; CM डॉ. मोहन यादव आज करेंगे शिरकत
हर पड़ाव पर करीब 25 तरह की सेवा गतिविधियां
टेलर के अनुसार यात्रा का उद्देश्य केवल लोगों तक पहुंचना नहीं, बल्कि उनके बीच जाकर सेवा करना है। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वृक्षारोपण, सेवा वाटिका, स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत, साधु-संत सम्मान, सफाई कर्मचारी सम्मान, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। यात्रा के दौरान युवाओं को सेवा संकल्प से जोड़ने के लिए ‘मोदी सेवा संकल्प ‘अ प्रॉमिस टू मोदी जी’ अभियान का क्यूआर कोड भी जारी किया गया है।
फूल-माला की जगह स्वच्छता से होगा सेवा यात्रियों का स्वागत
यात्रा की खास पहल ‘स्वच्छता से स्वागत’ होगी। जिन स्थानों पर सेवा यात्री पहुंचेंगे, वहां स्थानीय युवा मोर्चा कार्यकर्ता दो दिन पहले स्वच्छता अभियान चलाएंगे। यानी स्वागत फूल-मालाओं के बजाय स्वच्छता और सेवा से किया जाएगा। टेलर ने कहा कि यात्रा युवाओं को यह संदेश देने का माध्यम है कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यात्रा से जुड़ने वाले युवा अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेंगे।
ये भी पढ़ें: डॉ. मोहन भागवत बोले- धर्म भारत के DNA में, यह हमारे अस्तित्व के प्रारंभ से अंत तक रहता है




















