हरदा में BJP का लोकतंत्र बचाओ मार्च, प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग बोले- विपक्ष दुनिया में देश को बदनाम कर रहा
हरदा। भाजपा के आह्वान पर सोमवार को जिला मुख्यालय पर 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। स्थानीय संत रविदास चौक से शुरू हुए मार्च में आमजन के साथ साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च में समाजसेवी, डॉक्टर, वकील, खिलाड़ी, व्यापारी और किसान समेत कई वर्गों के लोग सम्मिलित हुए। इस दौरान प्रदेश के सहकारिता मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
हमारा लोकतंत्र देश की सबसे बड़ी ताकत
विश्वास सारंग ने कहा कि विपक्ष के नेता देश के लोकतंत्र को पूरी दुनिया में बदनाम कर रहे हैं। जबकि हमारा लोकतंत्र देश की सबसे बड़ी ताकत है। लेकिन विपक्ष और कांग्रेस झूठ का पुलिंदा गढ़ रहे हैं। परंतु, वे नहीं जानते कि जनता अब जाग चुकी है।
हरदा में किराना दुकान के ऊपर मिला पटाखों का अवैध भंडार, पुलिस ने 49 हजार रुपए की सामग्री जब्त की
संवैधानिक व्यवस्था को खत्म करने की कोशिश
पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को जनता लंबे समय से नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की पक्षधर है। भाजपा लोकतंत्र को बचाने के लिए मजबूती से खड़ी है।
पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दल लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। पटेल ने आपातकाल और लोगों के मौलिक अधिकार छीने जाने का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा करने वाले ही आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं।
नर्मदापुरम कराते लीग में हरदा का शानदार प्रदर्शन, 4 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते
देश नित नए कीर्तिमान गढ़ रहा है
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नित नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की बुनियादी सुविधाओं और मान-सम्मान पर जोर दिया है। वहीं, भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत देश के रूप में स्थापित किया है। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बादर, जिला महामंत्री बसंत सिंह राजपूत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष योगमाया शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।























