Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा में CGST अधिकारियों पर अवैध वसूली के आरोप, टैक्स बार ने प्रधान आयुक्त से की शिकायत

छिंदवाड़ा के व्यापारियों से CGST विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली के प्रयास का आरोप लगा है। टैक्स बार ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
CGST अधिकारियों पर अवैध वसूली के आरोप

छिंदवाड़ा। जिले के व्यापारियों और व्यवसायियों पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर दबाव बनाकर अवैध वसूली करने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर टैक्स बार छिंदवाड़ा ने विरोध दर्ज कराया है। टैक्स बार के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रधान आयुक्त, केंद्रीय जीएसटी के नाम संबोधित शिकायत ज्ञापन सहायक आयुक्त चैतन्य वानखेड़े को सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

व्यापारियों पर दबाव बनाकर वसूली के प्रयास का आरोप

टैक्स बार छिंदवाड़ा के अध्यक्ष अनुपम कुमार दुबे ने बताया कि पिछले कुछ समय से जिले के व्यवसायियों की ओर से विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी व्यापारियों पर अनावश्यक दबाव बनाकर अवैधानिक तरीके से वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं। विशेष रूप से त्योहारों के दौरान इस तरह की कथित गतिविधियों से व्यापारिक समुदाय में चिंता और असंतोष का माहौल है।

अधिकारों के दुरुपयोग पर जताई चिंता

अनुपम कुमार दुबे ने कहा कि छिंदवाड़ा प्रदेश के शांतिप्रिय जिलों में गिना जाता है। यहां का व्यापारिक समुदाय हमेशा सहयोगात्मक रवैया अपनाता रहा है और शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कारोबार करता है। ऐसे में यदि कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपनी पदस्थापना तथा अधिकारों का अनुचित इस्तेमाल कर व्यापारियों पर दबाव बनाते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स बार कानून और कर नियमों के पालन का समर्थन करता है लेकिन किसी भी व्यवसायी का अनुचित उत्पीड़न या दबाव बनाकर वसूली करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

टैक्स बार ने शिकायत ज्ञापन के जरिए प्रधान आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण में कारोबार करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान सहायक आयुक्त चैतन्य वानखेड़े ने टैक्स बार के सदस्यों की बातें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने ज्ञापन को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

छिंदवाड़ा में नकली और अवैध शराब पर लगाम की तैयारी, QR कोड से होगी जांच, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

ये पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान टैक्स बार अध्यक्ष अनुपम कुमार दुबे, उपाध्यक्ष प्रदीप सरेठा, सचिव शालीन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमजद खान, मीडिया प्रभारी अंशुल शुक्ला और सीपी चैप्टर के कन्वेनर सीए सचिन वर्मा सहित टैक्स बार के वरिष्ठ सदस्य, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर सलाहकार और अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...

Latest Posts