रसमलाई खाने को लेकर भिड़े देवर-भाभी, कहासुनी के बाद किया कैंची से हमला, पति-पत्नी घायल

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रसमलाई खाने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि फ्रिज में रखी रसमलाई खाने से नाराज छोटे भाई और उसकी पत्नी ने बड़े भाई और भाभी पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों को रसमलाई खिलाने पर शुरू हुआ विवाद
मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के कस्बे का बताया जा रहा है। यहां शानू अपनी पत्नी साबरीन के साथ रहते हैं। आरोप है कि उनके छोटे भाई नूर और उसकी पत्नी फातमा ने दोनों पर हमला किया। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात साबरीन ने फ्रिज में रखी रसमलाई निकाली। उन्होंने इसे बच्चों में बांट दिया और खुद भी रसमलाई खा ली। जब नूर और फातमा को इस बारे में पता चला तो वे नाराज हो गए। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी शुरू हो गई।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का नया वीडियो मैसेज, बोले- तिरंगा हमारा गौरव, विकसित भारत का लें संकल्प
कहासुनी के बाद कैंची से हमला करने का आरोप
साबरीन ने अस्पताल में बताया कि उनकी बहन ने फोन करके बच्चों को रसमलाई खिलाने के लिए कहा था। इसके बाद उन्होंने फ्रिज में रखी रसमलाई बच्चों में बांटी और खुद भी खाई। रसमलाई खाने की जानकारी होने पर देवर नूर और देवरानी फातमा नाराज हो गए। दोनों के बीच पहले बहस हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान नूर और फातमा ने कैंची से शानू और साबरीन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के दूसरे लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में तनाव का माहौल है। वहीं, रसमलाई जैसी छोटी सी बात को लेकर हुए इस विवाद की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
ये भी पढ़ें: सीहोर: 17 दिन तक मॉर्च्युरी में रखा नवजात का शव, माता-पिता बोले- जिंदा थी तो मिलने नहीं दिया
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ और हमले की पूरी घटना किस तरह हुई।












