Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पीएम मोदी का नया वीडियो मैसेज, बोले- तिरंगा हमारा गौरव, विकसित भारत का लें संकल्प

15 अगस्त से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साह से शामिल होने की अपील की है। इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और विकसित भारत का संकल्प लेने को कहा। 2026 में देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।
पीएम मोदी का नया वीडियो मैसेज, बोले- तिरंगा हमारा गौरव, विकसित भारत का लें संकल्प
15 अगस्त से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साह से शामिल होने की अपील की है।

15 अगस्त को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक खास अपील की है। पीएम मोदी ने मंगलवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने लोगों से 15 अगस्त के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सिर्फ एक कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे हर घर का उत्सव बनाएं।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने देशवासियों से 15 अगस्त को पूरे गर्व और सम्मान के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जाए और देश को विकसित बनाने का संकल्प लिया जाए।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा:

'आइए 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाएं, स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को श्रद्धांजलि दें, विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए, हर घर पर तिरंगा लहराइए'।

पूरे अगस्त चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों, दुकानों, दफ्तरों और सार्वजनिक जगहों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अभियान का मकसद सिर्फ घर पर झंडा लगाना नहीं है। इसके जरिए लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गर्व और देश के साथ जुड़ाव की भावना को मजबूत करना भी है। देश के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा यात्राएं और कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद को मौत की सजा, युद्ध अपराधों में कोर्ट का बड़ा फैसला

2022 में शुरू हुआ था अभियान

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत साल 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत की गई थी। इसके बाद यह हर साल स्वतंत्रता दिवस से पहले होने वाला एक बड़ा राष्ट्रीय अभियान बन गया। 2026 में भी लोगों को अपने घर की बालकनी, छत या मुख्य दरवाजे पर तिरंगा लगाने और आसपास के लोगों के साथ मिलकर आजादी का जश्न मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में तिरंगे को देश का गौरव बताते हुए लोगों से अभियान में उत्साह के साथ शामिल होने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराने की अपील की।

NDA सांसदों ने भी लहराया तिरंगा

इससे पहले मंगलवार को NDA सांसदों की साप्ताहिक बैठक के दौरान भी स्वतंत्रता दिवस का माहौल देखने को मिला। बैठक में सांसदों ने तिरंगा लहराकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए गए।

ये भी पढ़ें: मप्र कैबिनेट के फैसले-भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, इछावर में बनेगा सोयाबीन रिसर्च सेंटर

Instagram पर पीएम मोदी के वीडियो क्यों हो रहे वायरल?

पीएम मोदी के वीडियो पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम पर काफी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले NEET परीक्षा के मुद्दे पर पोस्ट किया गया उनका एक वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। इस वीडियो को 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले वीडियो का रिकॉर्ड बनाने वाला बताया गया था और इसे 400 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिलने की बात सामने आई थी। पीएम मोदी Instagram पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले सक्रिय नेताओं में शामिल हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 106 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनके 107 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जाते हैं। अब स्वतंत्रता दिवस से पहले पीएम मोदी का ‘हर घर तिरंगा’ वाला वीडियो भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts