Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हाथी घाट पर 'सीवन पुत्रों' का श्रमदान: 2 दिन में जलकुंभी और मलबे से मुक्त हुआ मां सीवन का तट

सीवन पुत्र और सीवन योद्धाओं ने मंगलवार और बुधवार को हाथी घाट पर लगातार श्रमदान कर जलकुंभी, पूजन सामग्री और मलबा हटाया। दो दिन की मेहनत के बाद घाट का स्वरूप बदल गया, राहगीर भी कर रहे सराहना।
हाथी घाट पर 'सीवन पुत्रों' का श्रमदान: 2 दिन में जलकुंभी और मलबे से मुक्त हुआ मां सीवन का तट
बदली तस्वीर, दिखी सफाई।

सीहोर। मां सीवन के अस्तित्व पर जलकुंभी, पूजन सामग्री और मलबे का बढ़ता अतिक्रमण देखकर केवल चिंता जताने वालों के बीच 'सीवन पुत्रों' ने अपने पसीने से बदलाव की इबारत लिख दी है। शहर के हाथी घाट पर महज दो दिनों के लगातार श्रमदान ने वह तस्वीर बदल दी, जिसे देखकर लोग लंबे समय से निराश हो रहे थे। मंगलवार और बुधवार को सीवन पुत्र टीम के सदस्यों ने मोर्चा संभाला और जलकुंभी से पटे घाट को साफ कर मां सीवन के तट को नया स्वरूप दे दिया। यह बदलाव बताता है कि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो नदी को गंदगी के हवाले छोड़ने की मजबूरी नहीं रहती।

दो दिन तक चला सफाई का मोर्चा, हटाई गई जलकुंभी और गंदगी

हाथी घाट की हालत कुछ दिन पहले तक बेहद खराब थी। नदी के किनारे और पानी में बड़ी मात्रा में जलकुंभी फैली हुई थी। पूजन सामग्री और जमा मलबे ने घाट की सुंदरता को पूरी तरह ढंक दिया था। मंगलवार को सीवन पुत्र एवं सीवन योद्धाओं ने सफाई अभियान शुरू किया। बुधवार को भी सुबह से शाम तक लगातार श्रमदान किया गया। टीम के सदस्यों ने जलकुंभी, पूजन सामग्री और मलबे को हटाने में पूरी ताकत झोंक दी। दो दिनों की मेहनत के बाद घाट के सामने का हिस्सा पूरी तरह साफ नजर आने लगा। बदले हुए स्वरूप को देखकर राहगीर भी ठहरकर इस प्रयास को सराहते नजर आए।

तमाशबीन नहीं बने, खुद उतरे नदी की सफाई के मैदान में

आज जब पर्यावरण संरक्षण की बातें अक्सर भाषणों और सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित रह जाती हैं, तब सीवन योद्धाओं ने जमीन पर उतरकर जिम्मेदारी निभाई। सुबह से शाम तक बिना थके श्रमदान करने वाले इन सदस्यों ने साबित किया कि नदी की बदहाली पर सिर्फ शिकायत करने से कुछ नहीं बदलेगा। मां सीवन को उसका पुराना स्वरूप लौटाने के लिए खुद आगे आना होगा। हाथी घाट की बदली तस्वीर इसी सामूहिक संकल्प का परिणाम है।

सहयोगियों ने बढ़ाए हाथ, दिखा जज्बा

बुधवार को अभियान में भोपाल से आए कपिल जगवानी सहित संजय जोशी, सुनील राय, महेंद्र सिंह मेवाड़ा, विकास महाजन और सुनील भारद्वाज ने सहयोग दिया। वहीं मुकेश राय मंगलवार के साथ बुधवार को भी सुबह से शाम तक लगातार श्रमदान में जुटे रहे। उनके साथ प्रकाश यादव, वैभव राठौर, वीरेंद्र सिंह बिसोरिया, प्रदीप चावड़ा, अशोक नामदेव, सुरेश भगत, देवेंद्र राय, श्याम विश्वकर्मा, भूपेंद्र केवट और अमित केवट ने भी सफाई अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

2026 का लक्ष्य- जलकुंभी मुक्त जीवन और प्रदूषण पर प्रहार

सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने बताया कि टीम ने वर्ष 2026 के लिए 'जलकुंभी मुक्त जीवन' का संकल्प लिया है। इसी के तहत जलकुंभी हटाने और नदी की सफाई का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नदी में पूजन सामग्री फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पूजन सामग्री पात्र भी रखवाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु धार्मिक आस्था से जुड़ी सामग्री नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित पात्रों में डालें। टीम का मानना है कि केवल सफाई करना पर्याप्त नहीं, बल्कि नदी को दोबारा गंदा होने से रोकना भी जरूरी है।

11 महीने से जारी मुहिम, अब पूरे देश में पहचान बनाने का संकल्प

सीवन पुत्र टीम का यह अभियान पिछले 11 महीनों से लगातार जारी है। हाथी घाट की सफाई ने अभियान को नई ऊर्जा दी है। टीम का संकल्प है कि मां सीवन को स्वच्छ, निर्मल और जलकुंभी मुक्त बनाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। अब जरूरत शहरवासियों की सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदार व्यवहार की है। घाट की चमकती तस्वीर उन लोगों के लिए भी सीधा संदेश है, जो नदी को कचरा और पूजन सामग्री डालने का स्थान समझते हैं। मां सीवन की स्वच्छता केवल सीवन पुत्रों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की जवाबदेही है। जिस नदी से शहर की पहचान और जीवन जुड़ा है, उसे गंदा करने का अधिकार किसी को नहीं है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts