शहडोल जिला अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट, कॉलर पकड़कर मारा थप्पड़; तीन युवकों की मौत के बाद लोगों ने किया हंगामा

शहडोल। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तीन युवकों की मौत के बाद नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर डॉ. नीरज जैसवाल के साथ मारपीट और अस्पताल में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। एक युवक ने डॉक्टर का कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया। स्वास्थ्यकर्मियों के साथ गाली-गलौज भी की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चिकित्सकों में आक्रोश है। बुधवार को डॉक्टरों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तीन युवकों को मृत घोषित करने के बाद भड़के लोग
घटना 9 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। शहर की चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में डूबे तीन युवकों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। ड्यूटी डॉक्टरों ने चिकित्सकीय जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल पहुंचे कुछ लोग नाराज हो गए और इमरजेंसी में हंगामा शुरू कर दिया। सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ की ओर से पुलिस को भेजे गए शिकायत पत्र के मुताबिक हंगामा कर रहे लोगों ने डॉक्टर की टेबल पर रखा सामान फेंक दिया और टेबल पलट दी। इस दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई। आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने डॉ. नीरज जैसवाल का कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया। डॉ. शिल्पी सराफ ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की। वहीं, मौके पर मौजूद सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने डॉक्टर को हमले से बचाया।
सिविल सर्जन ने पुलिस को लिखा पत्र
सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ ने 10 नवंबर को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बुधवार को आरएमओ डॉ. पुनीत श्रीवास्तव सहित अन्य चिकित्सक कोतवाली थाने पहुंचे और अपने बयान दर्ज कराए। शिकायत में मध्यप्रदेश चिकित्सक संरक्षण अधिनियम, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस की गाड़ी देखते ही तालाब में कूदे 4 लड़के, 3 की मौत, शहडोल पुलिस खंगाल रही कूदने की वजह?
ड्यूटी के दौरान डॉक्टर से मारपीट गलत: आरएमओ
आरएमओ डॉ. पुनीत श्रीवास्तव ने कहा कि तीनों युवकों को अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित किया गया। ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट करना गलत है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




















