रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का नया दावा, बोले- 95% घरों में कोई न कोई नशे की गिरफ्त में; लड़कियां भी हो रहीं प्रभावित

रीवा। किसानों पर दिए बयान को लेकर चर्चा में आए रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अब नशे को लेकर दिए अपने एक और बयान के कारण सुर्खियों में हैं। बुधवार को सामने आए वीडियो में उन्होंने दावा किया कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि समाज के करीब 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है। उन्होंने यह भी कहा कि नशे की प्रवृत्ति अब केवल पुरुषों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि कुछ परिवारों में लड़कियां भी इसकी चपेट में आ रही हैं। सांसद ने कहा कि किसी घर में पिता नशा करता है तो कहीं बेटा इसकी गिरफ्त में है। अब कुछ परिवारों में लड़कियां भी नशा कर रही हैं। उन्होंने इसे समाज की ऐसी समस्या बताया, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हालांकि, 95 प्रतिशत घरों में नशे की लत होने के दावे के समर्थन में उन्होंने कोई सर्वे या आंकड़ा पेश नहीं किया।
खुद तंबाकू खाते थे, एक सप्ताह में छोड़ने का किया दावा
अपने बयान के दौरान जनार्दन मिश्रा ने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वह खुद भी पहले बहुत तंबाकू खाते थे, लेकिन करीब एक सप्ताह के भीतर उन्होंने इसकी लत छोड़ दी थी। सांसद ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ उनकी लड़ाई किसी समाज या महिलाओं के विरुद्ध नहीं बल्कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए केवल पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। परिवारों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। माता-पिता को बच्चों की संगत, गतिविधियों और व्यवहार पर नजर रखनी चाहिए। इसके साथ ही समाज को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए आगे आना होगा।
कोरेक्स के अवैध कारोबार पर जताई चिंता
सांसद ने रीवा में मेडिकल नशे और कोरेक्स के कथित अवैध कारोबार पर भी चिंता जताई। उन्होंने इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई। उनका कहना है कि नशे का कारोबार युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। इस पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ सामाजिक स्तर पर भी प्रयास किए जाने चाहिए।
किसानों पर टिप्पणी के बाद भी विवादों में आए थे सांसद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मऊगंज के रकरी गांव में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों की जीवनशैली को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि किसान साल में तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं, राजश्री खाते हैं और शराब पीते हैं। उनके इस बयान के बाद किसान संगठनों और कांग्रेस ने विरोध जताया था। विवाद बढ़ने पर मंगलवार को सांसद ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य किसानों का अपमान करना नहीं था। वह गौपालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के संदर्भ में बात कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि उनकी बात से किसी किसान को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगते हैं।
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर बवाल, किसान कांग्रेस ने तेंदूखेड़ा में फूंका पुतला
जीतू पटवारी ने भी साधा था निशाना
किसानों पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सांसद पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि अन्नदाताओं के बारे में इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी और सांसद को किसानों से माफी मांगनी चाहिए।




















