अभिषेक बनर्जी के करीबी जहांगीर खान के घर पर कार्रवाई, अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू

पश्चिम बंगाल में जेल में बंद तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में जिला प्रशासन ने उनके कथित अवैध बहुमंजिला घर को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। निर्माण में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। मौके पर पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं। जहांगीर खान को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी का समर्थक माना जाता है। उनके घर को तोड़ने से पहले अंदर रखा फर्नीचर और अन्य सामान बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मजदूरों की मदद से निर्माण हटाने का काम शुरू किया गया।
संकरी सड़क के कारण बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं
फलता स्थित जहांगीर खान के घर तक पहुंचने वाली सड़क काफी संकरी है। ऐसे में वहां बुलडोजर ले जाना संभव नहीं बताया जा रहा है। इसी वजह से प्रशासन ने मशीनों के बजाय मजदूरों की मदद से घर को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की है। कार्रवाई से पहले घर के अंदर मौजूद फर्नीचर और अन्य सामान बाहर निकाल लिया गया।
विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में आए थे जहांगीर खान
जहांगीर खान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान काफी सुर्खियों में रहे थे। वे दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट से TMC के उम्मीदवार थे। चुनाव के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अधिकारी और पश्चिम बंगाल में पुलिस ऑब्जर्वर बनाए गए अजय पाल शर्मा को खुली चुनौती दी थी।
अजय पाल शर्मा को दी थी खुली धमकी
चुनाव के दौरान जहांगीर खान ने अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था, उन्होंने इस खेल की शुरुआत की है, लेकिन खत्म हम करेंगे। पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त। अगर आप सोच रहे हो कि कुछ CRPF के जवानों के साथ आप बच जाओगे तो आप गलत हो। हमारे यहां लोग ही असली ताकत हैं। अगर लोग साथ चलने लगे तो CRPF को हटा कर रख देंगे। अगर यहां के लोग पैदल चले तो CRPF के लोग हवा में उड़ जाएंगे।जहांगीर खान ने फिल्मी अंदाज में यह भी कहा था कि TMC के लोगों ने झुकना नहीं सीखा है। उनके इस बयान के बाद वे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा में आ गए थे।
ममता की रैली में जा रहे कुणाल घोष की कार पर हमला, अंडे फेंके और पीछे का शीशा तोड़ा
अवैध निर्माण के आरोपों पर प्रशासन की कार्रवाई
फलता में उनके घर को तोड़ने की कार्रवाई निर्माण से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आधार पर की जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देश पर शुरू हुई इस प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।




















