Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिंड-लहार रोड पर शराब तस्करी नाकाम: बिना नंबर की बुलेरो से 22 पेटी देशी शराब जब्त, भिंड का युवक गिरफ्तार

उमरी थाना पुलिस ने शासकीय अस्पताल के सामने चेकिंग में बिना नंबर की बुलेरो को पकड़ा। 198 लीटर शराब कीमत 41,800 रुपये है। आरोपी शिवम तोमर (27) को न्यायालय में पेश किया।
भिंड-लहार रोड पर शराब तस्करी नाकाम: बिना नंबर की बुलेरो से 22 पेटी देशी शराब जब्त, भिंड का युवक गिरफ्तार
शराब की पेटिंयों के साथ आरोपी।

भिंड। बिना नंबर की बुलेरो, अंदर शराब की 22 पेटियां और सड़क पर पुलिस की चेकिंग... भिंड-लहार रोड पर उमरी थाना पुलिस की घेराबंदी ने शराब तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी। शासकीय अस्पताल के सामने पुलिस ने संदिग्ध बुलेरो को रोककर तलाशी ली तो उसमें देशी शराब की बड़ी खेप मिली। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बुलेरो कार भी जब्त कर ली।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उमरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की बुलेरो कार से अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भिंड-लहार रोड स्थित शासकीय अस्पताल के सामने चेकिंग पॉइंट लगाया। इसी दौरान संदिग्ध बुलेरो को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें शराब की पेटियां रखी मिलीं।

 

सफेद और लाल शराब की 22 पेटियां मिलीं

पुलिस को बुलेरो से देशी सफेद प्लेन शराब की 11 पेटी और देशी लाल शराब की 11 पेटी मिलीं। कुल 22 पेटियों में 198 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 41 हजार 800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ करीब 4 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की बुलेरो कार भी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 4 लाख 41 हजार 800 रुपये बताई गई है।

भिंड का युवक गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवम तोमर (27), पिता इंदल सिंह तोमर, निवासी भिंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा डीएसपी मुख्यालय सतीश सिंह के मार्गदर्शन में की गई। इसमें उमरी थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह सेंगर, उपनिरीक्षक रवि सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह मधुरिया, प्रधान आरक्षक जबर सिंह, आरक्षक राहुल सिंह और आरक्षक आलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Asgar Khan
By Asgar Khan

Latest Posts