Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका में बड़ा हादसा: सैन डिएगो में क्रैश हुआ F-35B स्टील्थ फाइटर जेट, पायलट ने समय रहते लगाई छलांग, बची जान

मिरामार एयर बेस के पास हुआ हादसा, दुर्घटना के बाद मलबे में लगी आग, जांच शुरू
 सैन डिएगो में क्रैश हुआ F-35B स्टील्थ फाइटर जेट, पायलट ने समय रहते लगाई छलांग, बची जान
सैन डिएगो में F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया

सैन डिएगो। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन डिएगो में शुक्रवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का अत्याधुनिक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट मिरामार एयर बेस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि पायलट ने समय रहते विमान से इजेक्ट (छलांग) कर दी, जिससे उसकी जान बच गई। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने बताया कि पायलट को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल उसे इलाज के लिए स्थानीय मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे के बाद मलबे से उठता रहा काला धुआं

दुर्घटना के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है। हेलीकॉप्टर से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में खुले मैदान में विमान का मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। मलबे से लगातार काला धुआं उठ रहा था। घटनास्थल पर कई सैन्य वाहन, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और बचाव दल मौजूद थे। आग बुझाने के लिए पूरे इलाके में सफेद रंग का फायर रिटार्डेंट (आग रोकने वाला रसायन) फैलाया गया था। दमकल कर्मी लगातार मलबे पर पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे।

पायलट ने आखिरी समय में लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार, हादसे से ठीक पहले पायलट ने विमान से इजेक्ट कर दिया था। पैराशूट की मदद से वह सुरक्षित जमीन पर उतर गया। मरीन कॉर्प्स ने अपने बयान में कहा कि पायलट को ऐसी चोटें आई हैं जो गंभीर नहीं हैं। उसकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

चश्मदीद ने बताया हादसे का पूरा घटनाक्रम

जानकारी के मुताबिक, इस हादसे को अपनी आंखों से देखने वाले वेड लॉट नाम के व्यक्ति ने पूरी घटना का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि वह सुबह काम पर जा रहे थे। उसी समय उन्होंने दो लड़ाकू विमानों को रनवे की ओर आते देखा। पहला विमान सामान्य तरीके से उतर गया, लेकिन दूसरा विमान अचानक धीमा पड़ गया।

उनके अनुसार, ऐसा लग रहा था कि विमान हवा में स्थिर रहने की कोशिश कर रहा है। जब विमान जमीन से लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर था, तभी पायलट ने इजेक्ट कर दिया। वेड लॉट ने बताया कि पैराशूट खुलने के बाद पायलट सुरक्षित ऊपर की ओर चला गया, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद विमान जमीन से टकरा गया। टक्कर के साथ जोरदार धमाका हुआ और विमान में आग लग गई।

अमेरिका-ईरान जंग के बाद फिर भड़की यमन की आग : जानिए क्यों बढ़ा हूती-सऊदी संघर्ष

फायरफाइटर्स ने संभाला मोर्चा

जानकारी के मुताबिक, सैन डिएगो फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता कैंडिस हैडली ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद लगी आग को बुझाने के लिए फायरफाइटर्स ने तेजी से कार्रवाई की। इसके बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

क्या है F-35B स्टील्थ फाइटर जेट?

F-35B दुनिया के सबसे आधुनिक और उन्नत लड़ाकू विमानों में गिना जाता है। इसे अमेरिका की सेना कई अहम सैन्य अभियानों में इस्तेमाल करती है। इस विमान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बहुत कम दूरी से उड़ान भर सकता है और जरूरत पड़ने पर सीधा ऊपर-नीचे (वर्टिकल) उतर भी सकता है। यही वजह है कि इसका इस्तेमाल छोटे एयर बेस और युद्धपोतों से भी आसानी से किया जाता है। स्टील्थ तकनीक की वजह से यह दुश्मन के रडार पर आसानी से दिखाई नहीं देता। आधुनिक सेंसर, अत्याधुनिक हथियार प्रणाली और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम इसे दुनिया के सबसे ताकतवर फाइटर जेट्स में शामिल करते हैं।

एक विमान की कीमत 900 करोड़ से ज्यादा

अमेरिकी सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, एक F-35B फाइटर जेट की कीमत करीब 109 मिलियन डॉलर यानी लगभग 900 करोड़ से अधिक है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, एयर फोर्स और नेवी के पास ऐसे 630 से ज्यादा F-35 विमान मौजूद हैं। आने वाले वर्षों में अमेरिका 1,800 से अधिक अतिरिक्त F-35 खरीदने की योजना पर काम कर रहा है।

मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव! ईरान समर्थित मिलिशिया पर अमेरिका-सऊदी का हमला, जवाब में दागी गईं बैलिस्टिक मिसाइलें

दुनिया के सबसे सुरक्षित फाइटर जेट्स में शामिल

रक्षा मामलों के विशेषज्ञों का कहना है कि F-35 दुनिया के सबसे सुरक्षित और आधुनिक लड़ाकू विमानों में शामिल है। लेक्सिंगटन इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार, 2015 में सेवा में शामिल होने के बाद इस विमान से जुड़ी दुर्घटनाएं अन्य आधुनिक फाइटर जेट्स की तुलना में काफी कम रही हैं।

2024 में भी हुआ था ऐसा हादसा

मई 2024 में भी अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य में एक F-35 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस समय भी पायलट ने समय रहते विमान से छलांग लगा दी थी, लेकिन उसे चोटें आई थीं। वह विमान टेक्सास से कैलिफोर्निया जा रहा था।

'क्लास A दुर्घटना' घोषित किया गया हादसा

अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इस दुर्घटना को क्लास A दुर्घटना की कैटेगरी में रखा है। यह सैन्य विमान हादसों की सबसे गंभीर श्रेणी मानी जाती है। इस कैटेगरी में वही हादसे शामिल किए जाते हैं जिनमें विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए, नुकसान 20 लाख डॉलर से अधिक हो या किसी सैन्यकर्मी की मौत हो जाए। एयर फोर्स सेफ्टी सेंटर के अनुसार, वर्ष 2000 के बाद अमेरिकी एयर फोर्स में F-35 विमानों से जुड़े कम से कम 17 क्लास A हादसे दर्ज किए जा चुके हैं।

US Shooting : अमेरिका के सिएटल फूड फेस्टिवल में फायरिंग, 2 लोगों की मौत; कई घायल

हादसे की जांच जारी

फिलहाल अमेरिकी मरीन कॉर्प्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। तकनीकी खराबी, इंजन फेल होने या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts