Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका, ट्रंप बोले- 10 मिनट में निशाना बना सकते हैं एक-दो परमाणु ठिकानों को

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों पर संभावित कार्रवाई के संकेत दिए हैं। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खमेनेई ने अमेरिका और इजराइल को नए हमलों की चेतावनी दी है।
ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका, ट्रंप बोले- 10 मिनट में निशाना बना सकते हैं एक-दो परमाणु ठिकानों को
ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका।

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ एक और सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका को अभी ईरान के एक या दो ठिकानों पर कार्रवाई करनी बाकी है। दूसरी ओर ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खमेनेई ने अमेरिका और इजरायल को भविष्य में नए हमलों के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है। फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा- हमने उनके परमाणु कार्यक्रम को ध्वस्त कर दिया है। हमें अभी भी एक या दो ठिकानों को संभालना है, लेकिन हम ऐसा 10 मिनट के भीतर कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Mojtaba Khamenei Iran Military Orders: सेना को कहा- अमेरिका और इजराइल के खिलाफ बिना भौगोलिक सीमा के जवाबी कार्रवाई की तैयारी करे

पिकएक्स माउंटेन को भी निशाना बनाने का संकेत

ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण ठिकाने का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने पिकएक्स माउंटेन (Pickaxe Mountain) का नाम लिया। उनके मुताबिक, इस स्थान पर भी कार्रवाई किए जाने की जरूरत है और अमेरिका यह काम बहुत कम समय में पूरा कर सकता है। ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि पिकएक्स माउंटेन उन ठिकानों में शामिल है, जिन्हें अमेरिका को अभी निशाना बनाना बाकी है।

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर हमले की आशंका

पिछले कुछ दिनों में ट्रंप के बयानों से संकेत मिले हैं कि अमेरिका में अगले सप्ताह की शुरुआत में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ फिर सैन्य कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले पिछले सप्ताह ट्रंप ने एक और सीमित सैन्य अभियान शुरू करने की संभावना जताते हुए कहा था कि हम एक और छोटा 'एपिक फ्यूरी' (Epic Fury) कर सकते हैं। यहां एपिक फ्यूरी से उनका आशय ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य हमलों से था।

खाड़ी देशों को संभावित हमले के लिए तैयार रहने को कहा 

द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने हाल ही में प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि वॉशिंगटन ने खाड़ी क्षेत्र के कई अरब देशों को संभावित अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक इन देशों से कहा गया है कि वे 3 नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ एक सीमित लेकिन तेज सैन्य अभियान की संभावना को ध्यान में रखते हुए तैयारी रखें। हालांकि ट्रंप ने इस संबंध में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

अमेरिका अपने सैन्य लक्ष्य हासिल कर सकता है

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका चाहे तो अपने सैन्य उद्देश्यों को पूरा करने में सक्षम है। रुबियो ने कहा- अगर हम चाहें तो अपने सैन्य लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर नए हमले को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं किया है। इस दौरान रुबियो ने ईरान की उस गतिविधि की भी आलोचना की जिसमें तेहरान पर व्यावसायिक जहाजों को सक्रिय रूप से और खुले तौर पर निशाना बनाने का आरोप लगाया गया है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts