अमेरिका में फिर हिंदू मंदिर पर हमला : कैलिफोर्निया के BAPS मंदिर में तोड़फोड़, दीवारों पर लिखे भारत विरोधी नारे

वॉशिंगटन। अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में स्थित बीएपीएस (BAPS) हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई और इसकी दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए। इस घटना ने अमेरिकी हिंदू समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। बीएपीएस संगठन और अन्य हिंदू संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की और इसे हिंदूफोबिया का उदाहरण बताया है।
दीवारों पर लिखा- "हिंदू वापस जाओ"
चिनो हिल्स स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर में अज्ञात लोगों ने न केवल तोड़फोड़ की बल्कि दीवारों पर "हिंदू वापस जाओ" जैसे नफरत भरे संदेश भी लिख दिए। स्वामीनारायण मंदिर प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की और कहा कि यह घटना हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। मंदिर प्रशासन और स्थानीय हिंदू समुदाय ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।बीएपीएस का बयान
बीएपीएस संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए कहा, "हम नफरत को यहां जड़ नहीं जमाने देंगे और शांति व करुणा को बनाए रखने के लिए काम करते रहेंगे।" संगठन ने आगे कहा कि, अमेरिका में लगातार हो रहे हिंदू मंदिरों पर हमले चिंताजनक हैं और इसे रोकने के लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने चाहिए।











