फ्लोरिडा में विमान हादसा! घर-दुकानों के बीच आ गिरा विमान, धमाके के बाद उठीं आग की लपटें, 9 यात्रियों की मौत

फ्लोरिडा। अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में रविवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। नौ लोगों को लेकर जा रहा एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके के पास सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान में तुरंत आग लग गई और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। इस हादसे में विमान में मौजूद सभी नौ लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि विमान घरों के बेहद करीब गिरने के बावजूद आसपास की इमारतों को बड़ी चपेट में आने से बचा गया। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
टक्कर के बाद लगी भीषण आग
हादसे में शामिल विमान लियरजेट-60 था, जिसका टेल नंबर N722BD बताया गया है। यह दो इंजन वाला निजी बिजनेस जेट था। जानकारी के मुताबिक, विमान दक्षिण फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन इलाके के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान वह अचानक नीचे आया और मिलिट्री ट्रेल के पास सड़क पर जा गिरा। जमीन से टकराते ही विमान में तेज धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। हादसे के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। आसपास काला धुआं फैल गया और कुछ ही देर में पूरा इलाका धुएं से भर गया।
घरों के पास हुआ हादसा
विमान जिस जगह गिरा, वहां आसपास कई मकान, दुकानें और रेस्तरां मौजूद हैं। हादसे के दौरान विमान घरों के बेहद करीब पहुंच गया था। आसपास के मकान विमान की सीधी चपेट में आने से बच गए। हादसे के समय सड़क पर कई वाहन गुजर रहे थे। अचानक हुए धमाके से वहां मौजूद लोग घबरा गए। आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कारों में कैद हुआ खौफनाक मंजर
इस दुर्घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें सड़क से गुजर रही कारों के अंदर बैठे लोग विमान को तेजी से नीचे आते हुए रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं। जमीन से टकराते ही विमान आग की लपटों से घिर जाता है। वीडियो में घटनास्थल से उठता धुएं का काला गुबार भी साफ नजर आता है। हादसे के बाद पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने मिलिट्री ट्रेल पर यातायात रोक दिया। वाहन चालकों को दूसरे रास्तों से जाने की सलाह दी गई।
ऑस्टिन से बहामास जा रहा था निजी जेट
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे की पुष्टि की। उनके मुताबिक, दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुई थी। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने भी पुष्टि की कि विमान निजी तौर पर संचालित किया जा रहा था। हालांकि, हादसे के समय विमान में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई।
फ्रांस में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक, 565 गिरफ्तार; पुलिस पर पेट्रोल बम से हमला
FAA और NTSB ने शुरू की दुर्घटना की जांच
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है। यह टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। दुर्घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से करीब 14 किलोमीटर दूर बताया गया है।




















