Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

US Air Force Hacked: Cloud One पर साइबर हमला, संवेदनशील सैन्य डेटा लीक होने का खतरा

हैकर्स ने अमेरिकी वायु सेना के क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म Cloud One में सेंध लगाई है। इससे सैन्य कर्मियों, लॉजिस्टिक्स और महत्वपूर्ण सिस्टम से जुड़ी संवेदनशील जानकारी उजागर होने का खतरा पैदा हो गया है।
US Air Force Hacked: Cloud One पर साइबर हमला, संवेदनशील सैन्य डेटा लीक होने का खतरा
फाइल फोटो।

वॉशिंगटन। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने अमेरिकी वायु सेना के प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म Cloud One में सेंध लगाई है। इस घटना के बाद सैन्य जानकारी, कर्मचारियों के रिकॉर्ड और लॉजिस्टिक्स से जुड़े संवेदनशील डेटा के उजागर होने की आशंका बढ़ गई है। रॉयटर्स को जानकारी देने वाले पांच लोगों के मुताबिक, अमेरिकी वायु सेना के क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म Cloud One को हैकर्स ने निशाना बनाया है। रॉयटर्स के दो सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने प्लेटफॉर्म को अपग्रेड करने के दौरान इस सेंधमारी का पता चला। इसके बाद सिस्टम का कामकाज प्रभावित हुआ। वायु सेना ने दूसरे एप्लिकेशन को प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर करने की प्रक्रिया रोक दी। साथ ही, नेटवर्क पर पहले से चल रहे सॉफ्टवेयर के अपडेट भी बंद कर दिए गए। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि इस हमले के पीछे कौन था, हैकर्स को सिस्टम में कितनी पहुंच मिली और क्या उन्होंने कोई डेटा चुराया है।

यह भी पढें: FBI के नेशनल क्राइम डेटाबेस में दोबारा साइबर सेंधमारी की आशंका, संवेदनशील पुलिस रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा

Cloud One के कंट्रोल प्लेन तक पहुंचने में सफल रहे हैकर्स

एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि हमलावरों ने सॉफ्टवेयर की खामी का फायदा उठाकर Cloud One के कंट्रोल प्लेन तक पहुंच बना ली थी। यह प्लेटफॉर्म के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को नियंत्रित करता है। सूत्र ने इस पहुंच की तुलना 'यूनिवर्सल रिमोट' से की। इसके जरिए हमलावर सैन्य विमानों की स्थिति की जानकारी हासिल कर सकते हैं और स्पेयर पार्ट्स की आवाजाही पर नजर रख सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि हैकर्स ने वास्तव में इन जानकारियों तक पहुंच बनाई थी या नहीं।

साइबर हमले के बाद Cloud One पर लगाई गई पाबंदियां

सेंधमारी के बाद Cloud One पर कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, बैक-ऑफिस एप्लिकेशन को इस प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर करने का काम रोक दिया गया है। इसके अलावा, कर्मचारियों को सॉफ्टवेयर अपडेट और सुरक्षा से जुड़े फिक्स इंस्टॉल करने से भी मना किया गया है। एक अन्य सूत्र ने बताया कि कुछ यूजर्स के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार भी वापस ले लिए गए हैं। नुकसान का आकलन करने के लिए US Cyber Command को भी बुलाया गया है। हालांकि, सेना की साइबर ऑपरेशंस यूनिट ने इस मामले पर टिप्पणी करने के अनुरोध का जवाब नहीं दिया।

अमेरिकी वायु सेना के इन सिस्टम को सपोर्ट करता है Cloud One

Cloud One अमेरिकी वायु सेना के कई महत्वपूर्ण एप्लिकेशन को सपोर्ट करता है। इनका इस्तेमाल कर्मचारियों के रिकॉर्ड, वेतन भुगतान, लॉजिस्टिक्स और उपकरणों के रखरखाव जैसे कामों में किया जाता है। इस प्लेटफॉर्म पर क्लाउड-बेस्ड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भी मौजूद है। यह पूरे उत्तरी अमेरिका से एयर डिफेंस रडार फीड और दूसरी जानकारियों को एक जगह एकत्र करता है। इसके अलावा थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशन सिस्टम दुनिया भर में अमेरिकी वायु सेना के 200 से अधिक ठिकानों पर बमों और मिसाइलों की निगरानी करता है।

Cloud One को 2017 में लॉन्च किया गया था। इस प्लेटफॉर्म में Microsoft, Amazon, Oracle और Alphabet की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल होता है। दो सूत्रों के मुताबिक, यह अमेरिकी सेना द्वारा संचालित सबसे बड़े क्लाउड कंप्यूटिंग सिस्टम में से एक है।

Cloud One हैकिंग पर अमेरिकी वायु सेना ने क्या कहा

अमेरिकी वायु सेना ने रॉयटर्स को दिए बयान में कहा कि वह किसी विशेष नेटवर्क या सिस्टम की सुरक्षा स्थिति, उसमें मौजूद खामियों अथवा उसके ऑपरेशनल स्टेटस पर टिप्पणी नहीं करती। वायु सेना ने यह भी कहा कि विभाग की जानकारी, सिस्टम और मिशन क्षमताओं को सुरक्षित रखने के लिए लगातार उचित कदम उठाए जाते हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts