अब बिना ऑनलाइन आए भी जाएगा WhatsApp मैसेज! आया Schedule Message फीचर, जानिए कैसे करेगा काम

क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि रात के 11 बजे आपको याद आया कि दोस्त का जन्मदिन है और ठीक 12 बजे उसे विश भी करना है और उसके लिए आपको लेट नाइट तक जागना पड़ता है, लेकिन अब इसके लिए रातभर जागने या अलार्म लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, आप आराम से सो सकते हैं और आपका WhatsApp खुद तय समय पर मैसेज भेज देगा, है ना कमाल का फीचर, दरअसल, WhatsApp ने यूजर्स के लिए एक नया Schedule Message फीचर पेश किया है, इसकी मदद से आप पहले ही अपना मैसेज लिखकर उसके भेजे जाने का समय तय कर सकते हैं, इसके बाद तय समय पर मैसेज अपने आप सामने वाले तक पहुंच जाएगा। WhatsApp ने 25 नवंबर 2026 को इस फीचर की जानकारी दी है, यह सुविधा भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी की जा रही है, हालांकि अभी यह सभी लोगों के फोन में उपलब्ध नहीं है, कंपनी के मुताबिक, यह फीचर पर्सनल और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगा, आइए जानते हैं इसके फायदे, नुकसान और इस्तेमाल करने का तरीका।
क्या है WhatsApp का Schedule Message फीचर?
WhatsApp का Schedule Message फीचर आपको मैसेज भेजने का समय पहले से तय करने की सुविधा देता है, यानी आप अभी मैसेज लिख सकते हैं, लेकिन उसे सामने वाले के पास कुछ मिनटों, घंटों या दिनों बाद भेज सकते हैं। इसमें आप कम से कम 10 मिनट बाद और अधिकतम 14 दिन तक के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं, खास बात यह है कि मैसेज भेजने के तय समय पर आपका फोन बंद हो या इंटरनेट से कनेक्ट न हो, तब भी मैसेज पहुंच जाएगा। WhatsApp के मुताबिक, शेड्यूल किए गए मैसेज भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे, यानी मैसेज की सामग्री को केवल बातचीत में शामिल लोग ही पढ़ सकेंगे।
WhatsApp पर कैसे शेड्यूल करें मैसेज?
इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान है, इसके लिए आपको किसी अलग ऐप की जरूरत नहीं होगी। सबसे पहले WhatsApp खोलें और उस व्यक्ति या ग्रुप की चैट पर जाएं, जिसे मैसेज भेजना है। अब अपना मैसेज लिखें या फोटो और वीडियो अटैच करें। इसके बाद Send बटन को कुछ देर दबाकर रखें। स्क्रीन पर Schedule Message का विकल्प दिखाई देगा, उसे चुनें। अब अपनी पसंद की तारीख और समय सेट करें। आखिर में शेड्यूल कन्फर्म कर दें, आपका मैसेज तय समय पर अपने आप भेज दिया जाएगा। ध्यान रखें, यह विकल्प अभी धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंच रहा है, इसलिए अगर आपके WhatsApp में यह दिखाई नहीं दे रहा है, तो कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है।
WhatsApp के नए फीचर के 3 बड़े फायदे
1. जन्मदिन और सालगिरह पर नहीं भूलेंगे विश करना
कई बार रात में जल्दी नींद आ जाती है और सुबह उठने पर याद आता है कि किसी खास दोस्त या रिश्तेदार का जन्मदिन था, अब आप पहले से ही बधाई का मैसेज लिखकर रात 12 बजे के लिए शेड्यूल कर सकते हैं, इससे जरूरी मौके पर विश करना नहीं भूलेगा।
2. ऑफिस और बिजनेस के काम होंगे आसान
अगर आपको किसी सहकर्मी को सुबह कोई जरूरी जानकारी देनी है या ग्रुप में तय समय पर अपडेट भेजना है, तो आप उसे पहले से तैयार कर सकते हैं, इससे काम के दौरान बार-बार मैसेज भेजने की चिंता नहीं रहेगी।
3. फोन बंद होने पर भी पहुंचेगा मैसेज
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि मैसेज भेजने के समय आपका फोन ऑनलाइन होना जरूरी नहीं है, यहां तक कि फोन बंद होने या बैटरी खत्म होने पर भी शेड्यूल किया गया मैसेज तय समय पर पहुंच जाएगा, इसमें टेक्स्ट के साथ फोटो और वीडियो भेजने की सुविधा भी है।
ये भी पढ़ें: CIA के अनक्लासिफाइड नेटवर्क पर साइबर हमला, अमेरिकी सरकारी सिस्टम की सुरक्षा पर उठे सवाल
अब जानिए WhatsApp Schedule Message के 5 बड़े नुकसान
1. हालात बदलने पर भी जा सकता है मैसेज
मान लीजिए आपने किसी दोस्त को सुबह 8 बजे मैसेज भेजने का समय तय किया, लेकिन रात में ही आपकी उससे बात हो गई और मैसेज भेजने की जरूरत नहीं रही, अगर आप शेड्यूल मैसेज को डिलीट करना भूल गए, तो वह तय समय पर चला जाएगा, इससे बेवजह गलतफहमी हो सकती है।
2. पर्सनल रिश्तों में आ सकती है गलतफहमी
कई बार जन्मदिन या सालगिरह जैसे मौकों पर लोग सिर्फ मैसेज नहीं, बल्कि सामने वाले से थोड़ा समय और अपनापन भी चाहते हैं, ऐसे में हर खास मौके पर पहले से तैयार मैसेज भेजना कुछ लोगों को औपचारिक लग सकता है, इसलिए जरूरी नहीं कि हर बातचीत को ऑटोमैटिक बनाया जाए।
3. पुराना मैसेज बन सकता है परेशानी की वजह
कई बार हम किसी योजना या काम को लेकर मैसेज लिख देते हैं, लेकिन अगले दिन परिस्थितियां बदल जाती हैं, ऐसे में पुरानी जानकारी वाला मैसेज भेजा जाना परेशानी पैदा कर सकता है, इसलिए शेड्यूल किए गए मैसेज समय-समय पर चेक करते रहना जरूरी है।
4. जरूरी जानकारी पहुंचने में हो सकती है देरी
अगर कोई जरूरी सूचना तुरंत पहुंचानी है, तो उसे शेड्यूल करना सही फैसला नहीं होगा, मान लीजिए ऑफिस में किसी जरूरी बदलाव की जानकारी देनी है और आपने मैसेज शाम के लिए तय कर दिया, तो संबंधित व्यक्ति को जानकारी मिलने में देरी हो सकती है, इसलिए जरूरी मैसेज तुरंत भेजना ही बेहतर है।
5. ऑफिस और बिजनेस में हो सकती है गलती
ऑफिस या बिजनेस से जुड़े मैसेज में छोटी सी गलती भी परेशानी बढ़ा सकती है, जैसे गलत व्यक्ति को मैसेज भेजना, पुरानी कीमत बताना या किसी पुराने ऑफर की जानकारी ग्राहक तक पहुंचाना, इसलिए ऐसे मैसेज शेड्यूल करने से पहले उनकी तारीख, समय और जानकारी जरूर जांच लें।
शेड्यूल मैसेज को डिलीट भी कर सकेंगे
WhatsApp ने यूजर्स को शेड्यूल किए गए मैसेज देखने और उन्हें भेजे जाने से पहले डिलीट करने की सुविधा भी दी है, यानी अगर आपने कोई मैसेज पहले से तय कर दिया है और बाद में उसे भेजने का इरादा बदल जाता है, तो आप उसे हटा सकते हैं। खास बात यह है कि मैसेज डिलीट करने पर सामने वाले को इसकी कोई सूचना नहीं मिलेगी, हालांकि मैसेज भेजे जाने के बाद उसे सामान्य मैसेज की तरह ही देखा जा सकेगा।
थर्ड-पार्टी ऐप से रहें सावधान
WhatsApp का अपना Schedule Message फीचर आने के बाद अब किसी बाहरी ऐप की मदद लेने की जरूरत कम हो जाएगी, अनजान थर्ड-पार्टी ऐप को आपके मैसेज, नोटिफिकेशन या दूसरी निजी जानकारियों तक पहुंच मिल सकती है। इसलिए बिना जांचे किसी भी बाहरी ऐप को अपने फोन की परमिशन देना सही नहीं है, बेहतर होगा कि WhatsApp के आधिकारिक फीचर का ही इस्तेमाल करें। WhatsApp का नया फीचर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है, जो जन्मदिन, सालगिरह या ऑफिस के जरूरी मैसेज समय पर भेजना चाहते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल करते समय एक बात जरूर याद रखें कि मैसेज शेड्यूल करने के बाद भी उसे दोबारा चेक करना आपकी जिम्मेदारी है।




















