Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

AI पर खर्च घटा तो 2028 में मेमोरी चिप कंपनियों को लगेगा बड़ा झटका! Goldman Sachs की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और बड़ी टेक कंपनियां इस पर करोड़ों नहीं बल्कि अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं लेकिन अब इस खर्च को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2028 में AI पर खर्च की रफ्तार धीमी हो सकती है। इसका असर मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनियों की कमाई पर पड़ सकता है। रिपोर्ट में इसके तीन संभावित हालात भी बताए गए हैं।
AI पर खर्च घटा तो 2028 में मेमोरी चिप कंपनियों को लगेगा बड़ा झटका! Goldman Sachs की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
Goldman Sachs

AI की बढ़ती मांग ने दुनिया भर में मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनियों के कारोबार को नई रफ्तार दी है। डेटा सेंटर बनाने वाली बड़ी कंपनियां AI को बेहतर बनाने के लिए लगातार पैसा लगा रही हैं। इससे मेमोरी चिप की मांग भी बढ़ी है। हालांकि, अब आने वाले समय को लेकर चिंता सामने आई है। अमेरिकी वित्तीय कंपनी गोल्डमैन सैक्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 2028 में AI से जुड़े कामों पर खर्च कम हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो मेमोरी चिप कंपनियों की बिक्री और मुनाफे पर असर पड़ सकता है।

2028 में AI पर खर्च को लेकर क्यों बढ़ी चिंता?

गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक, बड़ी क्लाउड कंपनियां 2027 में AI और डेटा सेंटर पर करीब 1.1 ट्रिलियन डॉलर खर्च कर सकती हैं। वहीं, 2028 में यह खर्च बढ़कर 1.2 से 1.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, खर्च बढ़ने के बाद भी इसकी रफ्तार पहले के मुकाबले धीमी हो सकती है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 2027 में इन कंपनियों के कुल खर्च का करीब 44 प्रतिशत हिस्सा मेमोरी पर जा सकता है। वहीं, 2028 में यह घटकर करीब 40 प्रतिशत रह सकता है। इसकी एक वजह मेमोरी चिप की कीमतों में गिरावट भी मानी जा रही है।

रात 12 बजे Zomato-Swiggy से मंगवाते हैं खाना? आपकी हर फूड ऑर्डर पर नजर रखती हैं ऐप्स, ऐसे तैयार होती है आपकी डिजिटल प्रोफाइल

क्या होती हैं हाइपरस्केलर कंपनियां?

रिपोर्ट में हाइपरस्केलर कंपनियों का भी जिक्र किया गया है। आसान भाषा में समझें तो ये ऐसी बड़ी टेक कंपनियां होती हैं, जो इंटरनेट पर डेटा रखने, क्लाउड सेवाएं देने और AI चलाने के लिए बड़े-बड़े डेटा सेंटर बनाती हैं। इन कंपनियों को AI सिस्टम चलाने के लिए बड़ी मात्रा में मेमोरी चिप की जरूरत होती है। ऐसे में इनके खर्च में बदलाव का सीधा असर मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनियों पर पड़ सकता है।

खर्च घटा तो कंपनियों को कितना नुकसान हो सकता है?

गोल्डमैन सैक्स ने अपनी रिपोर्ट में तीन संभावित हालात बताए हैं। पहले हालात में अगर 2028 में कंपनियों का खर्च 2027 जितना ही रहता है, तो मेमोरी पर खर्च 55 अरब डॉलर कम हो सकता है। दूसरे हालात में अगर कुल खर्च में 10 प्रतिशत की कमी आती है, तो मेमोरी पर खर्च 99 अरब डॉलर तक घट सकता है। वहीं, अगर खर्च 20 प्रतिशत कम होता है, तो यह कमी 144 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। इन आंकड़ों से पता चलता है कि AI पर होने वाले खर्च में थोड़ी सी कमी भी मेमोरी चिप कारोबार को प्रभावित कर सकती है।

2027 में मांग मजबूत लेकिन 2028 को लेकर सावधानी

गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि 2027 में AI की वजह से मेमोरी चिप की मांग मजबूत बनी रह सकती है। यानी आने वाले समय में इस कारोबार को अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है। लेकिन 2028 को लेकर तस्वीर थोड़ी अलग हो सकती है। रिपोर्ट में तीन बड़ी वजहें बताई गई हैं। पहली, बड़ी टेक कंपनियां AI पर कितना पैसा खर्च करेंगी, इसे लेकर अनिश्चितता है। दूसरी, स्मार्टफोन और कंप्यूटर में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी की मांग कमजोर रह सकती है। तीसरी, चीन से मेमोरी चिप की सप्लाई बढ़ सकती है।

Audi India Price Hike: 1 जनवरी 2027 से महंगी होंगी ऑडी की कारें, कीमतों में 2% तक होगी बढ़ोतरी

मेमोरी चिप कंपनियों के लिए आगे की राह आसान नहीं

AI का इस्तेमाल बढ़ने से मेमोरी चिप की जरूरत भी बढ़ी है। लेकिन अगर बड़ी कंपनियां अपने खर्च में कटौती करती हैं, तो चिप बनाने वाली कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने में कमी आ सकती है। इससे उनकी कमाई पर असर पड़ने की आशंका है। फिलहाल गोल्डमैन सैक्स ने 2027 को लेकर सकारात्मक नजरिया रखा है, लेकिन 2028 के लिए सावधानी बरतने की बात कही है। आने वाले समय में बड़ी टेक कंपनियों के फैसले ही तय करेंगे कि मेमोरी चिप बाजार की रफ्तार कितनी बनी रहती है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts