Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Audi India Price Hike: 1 जनवरी 2027 से महंगी होंगी ऑडी की कारें, कीमतों में 2% तक होगी बढ़ोतरी

ऑडी इंडिया ने बढ़ती इनपुट लागत के चलते अपनी सभी कारों और SUV की एक्स-शोरूम कीमतों में 1 जनवरी 2027 से 2 प्रतिशत तक इजाफा करने का फैसला किया है। 2026 में अप्रैल के बाद यह दूसरी बढ़ोतरी होगी।
Audi India Price Hike: 1 जनवरी 2027 से महंगी होंगी ऑडी की कारें, कीमतों में 2% तक होगी बढ़ोतरी
ऑडी।

मुंबई। ऑडी इंडिया ने अपनी कारों और SUV की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी 1 जनवरी 2027 से सभी मॉडलों की एक्स-शोरूम कीमतें 2 प्रतिशत तक बढ़ाएगी। अप्रैल में हुई बढ़ोतरी के बाद 2026 में यह दूसरा मूल्य संशोधन है। लग्जरी कार निर्माता (जर्मन) ने इस फैसले के पीछे बढ़ती इनपुट लागत को प्रमुख वजह बताया है। यह मूल्य वृद्धि भारत में उपलब्ध ऑडी के सभी वाहनों पर लागू होगी। इसमें पेट्रोल से चलने वाली सेडान और SUV के साथ इलेक्ट्रिक कारें भी शामिल हैं। Audi Q3, Q5 और Q7 की नई कीमतों का सही अंदाजा अपडेटेड प्राइस लिस्ट जारी होने के बाद ही लगेगा क्योंकि कंपनी ने अभी मॉडल के अनुसार कीमतों में होने वाले बदलाव का ब्योरा नहीं दिया है। 

 2% की बढ़ोतरी से कितनी महंगी होंगी कारें

कीमतों में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी अधिकतम सीमा है। वास्तविक इजाफा प्रत्येक मॉडल की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत के आधार पर अलग-अलग होगा।

  • 50 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत वाली कार अधिकतम 1 लाख रुपये महंगी हो सकती है।
  • 1 करोड़ रुपये की कीमत वाले मॉडल पर अधिकतम 2 लाख रुपये का इजाफा हो सकता है।
  • इसके अलावा रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और दूसरे शुल्क भी एक्स-शोरूम कीमत के आधार पर तय होते हैं।
  • इसलिए कार की ऑन-रोड कीमत में होने वाली बढ़ोतरी घोषित 2 प्रतिशत से कुछ ज्यादा हो सकती है।

ऑडी इंडिया ने कीमतें बढ़ाने पर क्या कहा

ऑडी इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि बढ़ती इनपुट लागत को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने कीमतों में बदलाव का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि कारोबार को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है। साथ ही कंपनी का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर अनुभव देना और ब्रांड के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है। 

कुछ ही महीनों में दूसरी बार बढ़ेंगी कीमतें

ऑडी इंडिया ने इससे पहले 1 अप्रैल 2026 से भी अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी। उस समय कंपनी ने बढ़ती इनपुट लागत और करेंसी में उतार-चढ़ाव को इसका कारण बताया था। अगर कोई ग्राहक मार्च में कार खरीदने की कीमत की तुलना जनवरी 2027 में मिलने वाली डिलीवरी से करता है, तो दोनों बढ़ोतरी मिलाकर कुल अंतर लगभग 4 प्रतिशत तक हो सकता है। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी संबंधित मॉडल पर निर्भर करेगी।

BMW और Mercedes-Benz भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें

लग्जरी कार बाजार में कीमतें बढ़ाने वाली ऑडी अकेली कंपनी नहीं है। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने जनवरी 2026 में अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने साल के दौरान आगे भी कीमतों में बदलाव की संभावना जताई थी। इसके लिए उसने बताया था कि 2025 के अधिकांश समय यूरो की कीमत 100 रुपये से ऊपर रही। वहीं, BMW इंडिया ने भी 2026 में एक से अधिक बार अपनी कारों की कीमतों में संशोधन किया है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts