CIA के अनक्लासिफाइड नेटवर्क पर साइबर हमला, अमेरिकी सरकारी सिस्टम की सुरक्षा पर उठे सवाल

वॉशिंगटन। अमेरिकी एक बार फिर से सायबर अटैक हुआ है। यह अटैक पहले अमेरिकी संस्थाओं पर हुए अटैक जैसा है या अलग है अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार खुफिया एजेंसी CIA के एक गैर-वर्गीकृत (अनक्लासिफाइड सिस्टम) में साइबर सेंधमारी का मामला सामने आया है। घटना के बाद अमेरिकी सरकारी नेटवर्क की साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण डिजिटल बुनियादी ढांचे की कमजोरियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस सिस्टम का इस्तेमाल ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस से जुड़ी जानकारियों को एकत्र करने और उनका विश्लेषण करने के लिए किया जाता है। है। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि साइबर हमले के दौरान किस तरह का डेटा प्रभावित हुआ या इसके पीछे किसका हाथ था। इस घटना की खबर सबसे पहले द न्यूयॉर्क टाइम्स ने प्रकाशित की थी। इससे पहले पिछले सप्ताह नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का एक आंतरिक नेटवर्क कुछ समय के लिए बंद हो गया था। इस नेटवर्क का इस्तेमाल गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए किया जाता है।
खुफिया जानकारियां रखने के स्रोत पर हुआ हमला
इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर एसोसिएटेड प्रेस (AP) को बताया कि साइबर हमला CIA के उस सिस्टम पर हुआ, जिसमें सार्वजनिक स्रोतों से प्राप्त खुफिया जानकारियां रखी जाती हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सिस्टम में कोई वर्गीकृत या गोपनीय जानकारी मौजूद नहीं थी। उनके मुताबिक सामने आई तकनीकी समस्या को अब ठीक कर दिया गया
क्या है ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस और क्यों है यह महत्वपूर्ण
ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) के तहत इंटरनेट, व्यावसायिक सैटेलाइट और निजी डेटा ब्रोकरों जैसे सार्वजनिक या आंशिक रूप से सार्वजनिक स्रोतों से जानकारी जुटाई जाती है। इसके बाद इन जानकारियों का विश्लेषण करके खुफिया जानकारियां तैयार की जाती हैं। भले ही इस प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाला अधिकांश डेटा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होता है, लेकिन खुफिया विश्लेषकों के लिए इसका महत्व काफी अधिक है। खासकर तब जब इन जानकारियों को गुप्त जासूसी अभियानों से प्राप्त सूचनाओं के साथ मिलाकर देखा जाता है।
यह भी पढ़ें: OpenAI पर कैलिफोर्निया में मुकदमा; हगिंग फेस को हैक करने के मामले में जनता की सुरक्षा खतरे में डालने का आरोप
NSA और FBI के सिस्टम भी सुरक्षा संबंधी चिंताओं के घेरे में
CIA के सिस्टम में हुई सेंधमारी ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका के कई सरकारी नेटवर्क और डिजिटल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ियों की घटनाएं हुई हैं। वहीं, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) एक अन्य मामले की जांच कर रही है। इसमें आशंका जताई गई है कि एजेंसी के संचालन वाले राष्ट्रीय कानून प्रवर्तन डेटाबेस में सेंधमारी हुई हो सकती है। इन घटनाओं ने देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
हवाई यातायात और बड़ी कंपनियों के सिस्टम में भी आई रुकावट
इन घटनाओं से पहले अमेरिका में हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ था। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को पायलटों के साथ संपर्क स्थापित करने में परेशानी होने के कारण देशभर में विमानों की उड़ानें रोकनी पड़ी थीं। इसके अलावा, इसी महीने एप्पल, जेपी मॉर्गन चेस और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक्नोलॉजी और वित्तीय सेवा कंपनियों के सिस्टम में भी आउटेज की समस्या सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन तकनीकी गड़बड़ियों ने अमेरिका के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, बैंकिंग व्यवस्था और लाखों लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा में मौजूद कमजोरियों को उजागर किया है।
ट्रंप प्रशासन ने सुनियोजित साइबर हमले की आशंका से किया इनकार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन का कहना है कि विभिन्न सरकारी और निजी सिस्टम में आई रुकावटों के पीछे किसी संगठित साइबर हमले का हाथ नहीं है। नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर जे क्लेटन हाल ही में विभिन्न न्यूज कार्यक्रमों में शामिल होकर इन घटनाओं को लेकर अमेरिकी नागरिकों को भरोसा दिलाने की कोशिश की। क्लेटन के अनुसार सिस्टम में आई अधिकांश तकनीकी समस्याएं तेजी से किए जा रहे पैच और अपग्रेड से जुड़ी थीं। इन बदलावों का उद्देश्य ऐसे हैकर्स से सुरक्षा को मजबूत करना था, जो अब अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एआई आधारित इन उपकरणों की मदद से हैकर्स बड़े स्तर पर साइबर हमले करने में सक्षम हो सकते हैं।




















