AI का बढ़ता खतरा: 2030 से पहले मानवता पर मंडरा सकता है संकट, रिसर्चर ने दी चेतावनी

लंदन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल और उसकी क्षमताओं को लेकर चिंताएं तेज हो रही हैं। थैंक्सगिविंग के अवसर पर METR के टेक्निकल स्टाफ सदस्य निकोला जर्कोविक ने एक खुला पत्र लिखकर AI के संभावित खतरों पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि AI इंसानों के नियंत्रण से बाहर हो सकता है, जिससे नौकरियां खत्म होने के साथ मानवता के अस्तित्व पर भी संकट आ सकता है।
थैंक्सगिविंग पर AI रिसर्चर का खुला पत्र चर्चा में आया
जब ज्यादातर लोग थैंक्सगिविंग पर अपने परिवार के साथ समय बिता रहे थे, तब AI रिसर्चर निकोला जर्कोविक ने इसी मौके पर अपने परिवार को संभावित खतरों के प्रति आगाह किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक खुला पत्र साझा किया। जर्कोविक METR के टेक्निकल स्टाफ सदस्य हैं। METR एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो गंभीर जोखिमों के लिहाज से एडवांस्ड AI सिस्टम की जांच करती है। अपने पत्र में जर्कोविक ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से AI को लेकर चिंतित थे। अब उन्हें लगने लगा है कि इस विषय पर समय रहते अपनी बात रखना उनकी जिम्मेदारी है उन्होंने लिखा- यह पहला थैंक्सगिविंग है, जब मुझे यकीन नहीं है कि हम अगले थैंक्सगिविंग तक जिंदा रहेंगे या नहीं।
हमारे हाथों से निकल सकता है नियंत्रण
जर्कोविक के अनुसार, इस साल AI सिस्टम से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। इनमें कई कंपनियों की हैकिंग भी शामिल है। फिलहाल इन घटनाओं से मुख्य रूप से आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन उन्हें डर है कि अगले साल AI के कारण ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा सकती है।
यह भी पढ़ें: 167 साल पुरानी Riemann Hypothesis सुलझाने का दावा, गणितज्ञ ने Claude AI की मदद से खोजा प्रमाण
तीन संभावित खतरों की ओर ध्यान दिलाया
- AI नियंत्रण से बाहर होकर महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे (Critical Infrastructure) में घुसपैठ कर सकता है।
- गलत इरादे वाले लोग AI का उपयोग जैविक हथियार (Biological Weapons) बनाने में कर सकते हैं।
- बड़े नेता मशीनों को जरूरत से ज्यादा अधिकार और ताकत सौंप सकते हैं।
जर्कोविक का कहना है कि सख्त वैश्विक नियमों के अभाव में AI खुद को बेहतर बनाते हुए इंसानों की बुद्धिमत्ता से आगे निकल सकता है। उनके अनुमान के मुताबिक, ऐसा 2027 तक हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह विकसित होने वाला AI ऐसे लक्ष्य निर्धारित कर सकता है, जो इंसानों के अस्तित्व के लिए खतरा बन जाएं। उनका अनुमान है कि यदि AI के विकास की गति को पर्याप्त रूप से धीमा नहीं किया गया, तो 2030 के अंत से पहले मानवता के खत्म होने या पूरी तरह शक्तिहीन होने का जोखिम 50-50 हो सकता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि 2027 के अंत तक 5 से 20 प्रतिशत संभावना है कि लोग सामान्य रूप से छुट्टियां मनाने की स्थिति में न रहें। हालांकि, ये सभी आंकड़े उनके व्यक्तिगत अनुमान हैं, न कि प्रमाणित या स्थापित संभावनाएं।
AI से नौकरियों और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर की आशंका
जर्कोविक का मानना है कि अगर मानवता AI के खतरों से बच भी जाती है, तब भी वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आ सकता है। उनके अनुमान के मुताबिक, वर्तमान में मौजूद ज्यादातर नौकरियां खत्म हो सकती हैं। इसके परिणामस्वरूप अगले 10 वर्षों में दुनिया की बड़ी आबादी बेरोजगार हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले 1 से 5 वर्षों के लिए बनाई गई लोगों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। पढ़ाई, करियर और परिवार शुरू करने जैसे फैसले भी बदल सकते हैं। जर्कोविक के मुताबिक, छोटे बच्चों वाले उनके कुछ दोस्त इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कहीं उनके बच्चे स्कूल जाने की उम्र तक भी न पहुंच पाएं। उन्होंने अपने परिवार को सलाह दी कि घर में कम से कम दो सप्ताह का भोजन और पानी जमा करके रखें। इसके अलावा कुछ नकदी भी अपने पास रखें, ताकि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं बंद होने पर भी जरूरी काम किए जा सकें। उनका कहना है कि आने वाला साल कोविड महामारी से भी ज्यादा बड़ी उथल-पुथल लेकर आ सकता है।
AI के खतरों को लेकर दूसरे विशेषज्ञ भी चिंतित
थैंक्सगिविंग से कुछ दिन पहले AI विशेषज्ञ योशुआ बेंगियो ने CBS न्यूज से कहा था कि मानवता तेजी से बहुत बड़े खतरों की ओर बढ़ रही है। वहीं, AI क्षेत्र के दिग्गज जेफ्री हिंटन ने भी चेतावनी दी है कि जब तक इंसान सुपरइंटेलिजेंस (Superintelligence) को नियंत्रित करने का तरीका नहीं खोज लेता, तब तक ऐसी तकनीक विकसित नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा, OpenAI के जैकब पचोकी ने AI के विकास की रफ्तार धीमी करने और स्वतंत्र सुरक्षा जांच (Independent Safety Checks) कराने की वकालत की है। उन्हें CEO सैम ऑल्टमैन का समर्थन हासिल है। वहीं, Anthropic के CEO डारियो अमोदेई ने आशंका जताई है कि AI के कारण अगले 1 से 5 वर्षों में शुरुआती स्तर की आधी व्हाइट-कॉलर यानी ऑफिस से जुड़ी नौकरियां खत्म हो सकती हैं।




















