FBI के नेशनल क्राइम डेटाबेस में दोबारा साइबर सेंधमारी की आशंका, संवेदनशील पुलिस रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा

वॉशिंगटन। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI अपने देशव्यापी आपराधिक सूचना डेटाबेस में संभावित साइबर सेंधमारी की पड़ताल कर रही है। इस डेटाबेस की सुरक्षा में सेंध लगने की आशंका सामने आई है। यह सिस्टम अमेरिका की संघीय, राज्य और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच आपराधिक सूचनाओं के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। CNN के अनुसार इस साइबर घटना को लेकर FBI से प्रतिक्रिया मांगी गई थी, लेकिन एजेंसी ने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
पूर्व FBI अधिकारी ने कहा-सरकारी रिकॉर्ड में बदलाव का खतरा
साइबर अपराधी समूहों की जांच का नेतृत्व कर चुके FBI के एक पूर्व अधिकारी ने CNN से बातचीत में NCIC डेटाबेस की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान का सबसे महत्वपूर्ण माध्यमों में से एक है। उनके मुताबिक, पुलिस अधिकारी रोजाना NCIC का इस्तेमाल वांछित अपराधियों की पहचान करने, लंबित गिरफ्तारी वारंट की जानकारी हासिल करने और सुरक्षा से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड की जांच करने के लिए करते हैं। पूर्व अधिकारी ने चिंता जताई कि इस डेटाबेस में सेंधमारी का खतरा केवल संवेदनशील जानकारियों की चोरी तक सीमित नहीं है। इससे भी गंभीर सवाल यह है कि क्या हैकर्स उन रिकॉर्ड और सूचनाओं में बदलाव कर सकते हैं, जिनके आधार पर पुलिस अधिकारी अपने फैसले लेते हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में 6 दिन में 6 बड़े टेक आउटेज! Apple से NSA तक सिस्टम ठप, कंपनी ने बताई खराबी की वजह
NCIC डेटाबेस में दूसरी बार हैकिंग की घटना
CNN के अनुसार FBI के नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (National Crime Information Center- NCIC) में संदिग्ध साइबर घुसपैठ की यह हाल के महीनों में दूसरी घटना बताई जा रही है। अमेरिका की पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस केंद्रीय डेटाबेस का इस्तेमाल कई जरूरी जानकारियां साझा करने के लिए करती हैं। इनमें गिरफ्तारी वारंट और लोगों की पृष्ठभूमि की जांच (Background Check) से संबंधित रिकॉर्ड भी शामिल हैं। इस सिस्टम के जरिए देशभर की एजेंसियां आपराधिक मामलों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं तक पहुंच बनाती हैं।
इधर, FBI निदेशक काश पटेल ने गिनाईं उपलब्धियां
FBI अधिकारियों को इस नई साइबर सुरक्षा घटना की जानकारी गुरुवार को मिली। इसी दिन FBI निदेशक काश पटेल ने Fox News को दिए इंटरव्यू में एजेंसी के साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रयासों पर बात की। पटेल ने कुछ महीने पहले पूरे किए गए एक ऑपरेशन का उल्लेख किया। इसका उद्देश्य कंपनियों को अपने डिजिटल सिस्टम और सॉफ्टवेयर अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित करना था, ताकि हैकर्स संवेदनशील जानकारियों तक अपनी पहुंच न बना सकें।
अमेरिकी सरकारी सिस्टम की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
FBI के डेटाबेस में संभावित सेंधमारी की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब ट्रंप प्रशासन अमेरिका की साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंताओं को कम करने की कोशिश कर रहा है। हाल के दिनों में कई महत्वपूर्ण तकनीकी प्रणालियों में बड़ी रुकावटें देखने को मिली हैं। इनमें बैंकिंग सिस्टम, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था शामिल हैं।
ऑपरेशन विंटर शील्ड का हवाला देकर ट्रंप प्रशासन की तारीफ
FBI निदेशक काश पटेल ने अपने इंटरव्यू में 'ऑपरेशन विंटर शील्ड' का जिक्र किया। पटेल ने अमेरिका के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे (Critical Infrastructure) की सुरक्षा के लिए जरूरी सिस्टम को अपडेट करने के मामले में मौजूदा प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें भी ऐसे अपडेट कर सकती थीं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उनके मुताबिक मौजूदा प्रशासन तेजी से काम कर रहा है और पहले बर्बाद हुए समय की भरपाई करने की कोशिश में जुटा है।




















