Budget 2026 LIVE :कस्टम ड्यूटी कम करने का ऐलान, ITR की समय-सीमा बढ़ाई, कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अपना 9वां बजट पेश कर रही हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार टेक्सटाइल सेक्टर को बूस्टर देगी। फार्मा और सेमीकंडक्टर पर भी फोकस किया जाएगा।
Follow on Google News
कस्टम ड्यूटी कम करने का ऐलान, ITR की समय-सीमा बढ़ाई, कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लगातार 9वीं बार केंद्रीय बजट 2026-27 पेश कर रही हैं। इससे पहले वे राष्ट्रपति भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट से जुड़ी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर उन्हें दही-चीनी खिलाई। इस बार के बजट में अनुमान है कि सरकार 5 बड़ी घोषणाएं कर सकती है, जिनमें नौकरीपेशा लोगों के लिए 13 लाख तक की आय टैक्स-फ्री सुविधा और सोना-चांदी की कीमतों में कमी जैसे महत्वपूर्ण बदलाव शामिल हो सकते हैं।

    LIVE अपडेट्स...

    12:50 PM

    विदेश में पढ़ने वालों के लिए TCS घटाया

    केंद्रीय बजट में विदेश में पढ़ाई के लिए भेजे जाने वाले पैसे पर 'टैक्स कलेक्टेड एड सोर्स' (TCS) घटाकर 2% कर दिया है। पहले विदेश भेजे जाने वाले पैसे पर 5% टैक्स देना पड़ता था।

    12:40 PM

    कस्टम ड्यूटी में राहत की घोषणा

    बजट में कई कस्टम्स ड्यूटी राहतों की घोषणा की गई है। कैंसर दवाओं को बेसिक कस्टम्स ड्यूटी से छूट दी जाएगी, जिससे दवाइयों की उपलब्धता सस्ती और आसान होगी। SEZ में निर्मित सामान के निर्यात पर किफायती ड्यूटी दी जाएगी, जो बिक्री की सीमा के अधीन होगी। व्यक्तिगत उपयोग के लिए दायित्व वाले सामान पर ड्यूटी 20 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत की जाएगी। SEZ की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को घरेलू बाजार में एक बार बिक्री की सुविधा देने की व्यवस्था की है। रक्षा क्षेत्र में विमान मरम्मत के लिए कच्चे माल पर बेसिक कस्टम्स ड्यूटी से छूट दी जाएगी और नागरिक प्रशिक्षण विमानों के पार्ट्स को भी BCD से मुक्त रखा जाएगा। केंद्रीय उत्पाद शुल्क की गणना में बायोगैस मिश्रित CNG के मूल्य को शामिल नहीं किया जाएगा।

    12:35 PM

    क्लाउड सर्विस और डेटा सेंटर

    • क्लाउड सेवाओं के लिए भारत डेटा सेंटर से 2047 तक टैक्स हॉलिडे की घोषणा की गई है।
    • टोल मैन्युफैक्चरर्स को पूंजीगत वस्तुओं पर कर से छूट दी जाएगी।
    • भारत में पांच साल रहने वाले विदेशियों की गैर-भारत आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा।
    • इलेक्ट्रॉनिक निर्माताओं को 2 प्रतिशत लाभ मार्जिन पर सेफ हार्बर मिलेगा।
    • डेटा सेंटर से जुड़े कंपनियों के लिए 15 प्रतिशत सेफ हार्बर लागू होगा।
    • IT सेवाओं की एडवांस टैक्स रूलिंग प्रक्रिया दो साल में तेज की जाएगी।

    12:32 PM

    मेडिकल टूरिज्म के लिए 5 सेंटर में सहायता करेगी सरकार

    • सरकार मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच केंद्रों की स्थापना में राज्यों की मदद करेगी और बजट में इसी के तहत पांच चिकित्सकीय पर्यटन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
    • लोथल और हस्तिनापुर सहित 15 पुरातात्विक स्थलों को विकसित करने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल किया गया है। कुल सरकारी व्यय 2026-27 में 53.5 लाख करोड़ रुपए रहने का अनुमान है।
    • पूर्वोत्तर क्षेत्र में मंदिरों और मठों को संरक्षित करने के लिए बौद्ध सर्किट के विकास की योजना शुरू की जाएगी। राजकोषीय घाटा 2026-27 में 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो चालू वित्त वर्ष में 4.4 प्रतिशत था।
    • भारतीय मूल के व्यक्ति (पीआईओ) को 'पोर्टफोलियो निवेश योजना' के तहत भारत की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में निवेश की अनुमति होगी।
    • आत्मनिर्भर भारत कोष में 4,000 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि जोड़ी जाएगी।
    • शिक्षा से रोजगार और उद्यम के क्षेत्र में एक उच्चस्तरीय स्थायी समिति गठित की जाएगी, जो विकसित भारत के मुख्य चालक के रूप में सेवा क्षेत्र पर केंद्रित उपायों की सिफारिश करेगी।
    • वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पूंजीगत व्यय लक्ष्य को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपए किया जाएगा।

    12:28 PM

    ITR की समय-सीमा बढ़ाई, स्लैब में बदलाव नहीं 

    इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। गैर-ऑडिट ट्रस्ट्स के लिए टैक्स फाइलिंग की समयसीमा 31 अगस्त तक बढ़ाई गई है। ITR-1 और ITR-2 फॉर्म्स की फाइलिंग की डेडलाइन 31 जुलाई तय की गई है। रिटर्न संशोधन की समयसीमा को भी 31 मार्च तक बढ़ाया गया है, लेकिन इसके लिए शुल्क लगेगा।

    12:25 PM

    कैंसर रोगियों के लिए 17 दवाएं सस्ती

    बजट में कैंसर रोगियों के लिए 17 दवाएं सस्ती करने का एलान किया है। इसके अलावा, उन्होंने डिफेंस सेक्टर को कस्टम ड्यूटी में छूट देने की घोषणा वित्त मंत्री ने की है।

    12:22 PM

    53.5 लाख करोड़ रुपए का बजट 

    बजट 2026 का साइज 53.5 लाख करोड़ रुपए है। सरकार ने वित्त वर्ष 2027 में डेट-टू-जीडीपी रेशियो को चालू वित्त वर्ष के 56.1 प्रतिशत से घटाकर 55.6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है।

    12:19 PM

    विदेशों में संपत्ति के लिए 6 महीने लिए डिस्क्लोजर स्कीम

    इंटरनेशनल टूर पर टीसीएस 5% और 20% से घटाकर 2% किया गया। विदेशों में मौजूद संपत्ति के लिए छह महीने लिए डिस्क्लोजर स्कीम लाई गई है।

    12:17 PM

    एक अप्रैल को इनकम टैक्स का नया फॉर्म 

    इनकम टैक्स के फॉर्म को आसान बनाया जाएगा। 1 अप्रैल से इनकम टैक्स का नया फॉर्म आएगा। विदेश यात्रा पर टीडीएस 2 फीसदी होगा। वित्त वर्ष 2027 के बजट में छोटे करदाताओं के लिए रूल-बेस्ड ऑटोमेटेड प्रोसेस का प्रस्ताव रखा है।

    12:15 PM

    नारियल, काजू और कोको के लिए विशेष कार्यक्रम

    नारियल-उत्पादक राज्यों में गैर-उत्पादक पेड़ों को नई किस्मों के पौधों या पौधों से बदला जाना शामिल है। भारतीय काजू और कोको के लिए एक समर्पित कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है ताकि भारत कच्चे काजू और नारियल उत्पादन और प्रसंस्करण में आत्मनिर्भर बन सके, निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ सके और 2030 तक भारतीय काजू और कोको को प्रीमियम वैश्विक ब्रांड में बदला जा सके।

    12:12 PM

    15 हजार स्कूल और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब

    भारत का एनीमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) क्षेत्र एक बढ़ता हुआ उद्योग है, जिसमें 2030 तक 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता होगी। भारतीय इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज, मुंबई का समर्थन करने के लिए प्रस्ताव रखा है, ताकि 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित की जा सकें।

    12:10 PM

    तीन नए आयुर्वेदिक एम्स

    तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव है। आयुष फार्मेसियों और दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं को उन्नत करना और अधिक कुशल लोग उपलब्ध कराना और जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन के वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को अपग्रेड करने का प्रस्ताव है।

    12:05 AM

    गुड्स और रेयर अर्थ कॉरिडोर बनेंगे

    गुड्स ट्रेन के लिए नया कॉरिडोर- पश्चिम बंगाल के डानकुनी के लिए एक नए फ्रेट कॉरिडोर का ऐलान। रेयर अर्थ कॉरिडोर - केरल, तमिलनाडु और ओडिशा में दुर्लभ खनिजों के लिए विशेष कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इसमें आंध्र प्रदेश को भी जोड़ा जाएगा ताकि खनिज संपन्न राज्यों को फायदा मिले। 12.2 लाख करोड़ रुपए का कैपेक्स (पूंजीगत खर्च) तय किया गया है। यह पिछले साल के 11.2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा है। इलेक्ट्रॉनिक्स पर जोर- मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स के कलपुर्जे बनाने के लिए 40,000 करोड़ रुपए कर दिया गया है।

    11:55 AM

    1000 करोड़ से ज्यादा के एकल बॉन्ड का प्रस्ताव

    वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि 1,000 करोड़ से अधिक के एकल बॉन्ड के लिए 100 करोड़ के प्रोत्साहन का प्रस्ताव रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि किसान, महिलाएं, युवा और दिव्यांगजनसभी के लिए नई तकनीक बेहद जरूरी है और इसे बढ़ावा देने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। पिछले एक दशक के प्रयासों के चलते 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। युवा भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सेवा क्षेत्र को फिर से मजबूती दी जा रही है। शिक्षा से रोजगार और उद्यम तक के सफर को मजबूत करने के लिए एक उच्चाधिकार प्राप्त स्थायी समिति बनाई जाएगी, जो विकास, रोजगार और निर्यात की संभावनाओं पर विशेष जोर देगी। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक सेवा क्षेत्र में 10 प्रतिशत वैश्विक हिस्सेदारी के साथ भारत अग्रणी बने। विकसित भारत के लिए कुशल पेशेवर तैयार करने को लेकर कई प्रस्ताव रखे गए हैं।

    11:50 AM

    वित्त मंत्री ने बताए तीन कर्तव्य

    केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीन कर्तव्य बताए। उन्होंने कहा कि यह कर्तव्य भवन में तैयार किया गया पहला केंद्रीय बजट है। उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में देश की जनता के साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए आभार जताया। पहला कर्तव्य-आर्थिक विकास को तेज और सतत बनाए रखना। दूसरा कर्तव्य- लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उनकी क्षमताओं का निर्माण करना। तीसरा कर्तव्य-सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत के अनुरूप समावेशी विकास। 

    11:45 AM

    हर जिले में गर्ल हॉस्टल की सौगात

    देश के हर जिले में एक गर्ल हॉस्टल बनाया जाएगा। विकसित भारत के लिए बैंकिंग पर उच्च स्तरीय समिति के गठन का प्रस्ताव। विद्युत वित्त निगम और ग्रामीण विद्युतीकरण निगम के पुनर्गठन का प्रस्ताव। विदेशी मुद्रा प्रबंधन नियमावली की होगी व्यापक समीक्षा।कॉरपोरेट बॉन्ड्स पर पूर्ण रिटर्न स्वैप शुरू करने का प्रस्ताव। बड़े शहरों में अधिक मूल्य के म्युनिसिपल बॉन्ड को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।

    11:40 AM

    इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड खर्च होगा

    वित्त मंत्री ने कहा कि 2026-27 में पूंजीगत खर्च 12.2 लाख करोड़ रुपए, टियर-2 और टियर-3 शहरों में इंफ्रा मजबूती पर जोर दिया जाएगा। 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में इंफ्रा विकास जारी है। आंशिक लोन गारंटी के लिए इंफ्रा रिस्क गारंटी फंड रहेगा। 

    11:35 AM

    देश में 3 नए आयुर्वेद एम्स खुलेंगे

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि देश में 3 नए आयुर्वेद एम्स खुलेंगे। इसके अलावा, 5 क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्रों की स्थापना भी होगी।

    11:32 AM

    दिल्ली-वाराणसी समेत 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान

    बजट में दिल्ली-वाराणसी समेत 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान किया गया है। बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित होगी। दिल्ली-वाराणसी, वाराणसी-सिलीगुड़ी में भी हाई-स्पीड रेल कॉरीडोर बनेंगे। 5 वर्षों में पांच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर के लिए ₹20 हजार करोड़ का प्रस्ताव दिया गया है।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में घोषणा की कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है।

    ये रहेंगे 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर

    1 मुंबई-पुणे

    2 पुणे-हैदराबाद

    3 हैदराबाद-चेन्नई

    4 हैदराबाद-बेंगलुरु

    5 चेन्नई-बेंगलुरु

    6 दिल्ली-वाराणसी

    7 वाराणसी-सिलीगुड़ी

    11:32 AM

    बायो फार्मा सेक्टर के 'बायो फार्मा शक्ति' योजना

    बायो-फार्मा सेक्टर के लिए वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि भारत को वैश्विक बायो-फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए मैं ‘बायो फार्मा शक्ति योजना का प्रस्ताव रखती हूं। इसके लिए अगले 5 वर्षों में 10,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। इससे बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर के घरेलू उत्पादन के लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार होगा।

    11:30 AM

    सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की शुरुआत होगी

    वित्त मंत्री ने कहा हम इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही उद्योग-नेतृत्व वाले रिसर्च और ट्रेनिंग सेंटरों पर फोकस किया जाएगा, ताकि तकनीक आधारित और कुशल वर्कफोर्स तैयार की जा सके। वित्त मंत्री ने कहा आज हम ऐसे बाहरी माहौल का सामना कर रहे हैं, जहां व्यापार और बहुपक्षवाद दबाव में हैं और संसाधनों तक पहुंच तथा सप्लाई चेन बाधित हैं। नई तकनीकें उत्पादन प्रणालियों को बदल रही हैं। भारत विकसित भारत की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता रहेगा, जहां महत्वाकांक्षा और समावेशन के बीच संतुलन होगा। 

    11:22 AM

    10 हजार करोड़ का SME ग्रोथ फंड

    वित्त मंत्री ने कहा कि 10 हजार करोड़ का SME ग्रोथ फंड रहेगा। टेक्सटाइल सेक्टर को भी सरकार बूस्टर देगी।  5 लाख से ऊपर आबादी वाले शहरों में सरकार इन्फ्रा बूस्ट करेगी।

    11:20 AM

    देश में 3 समर्पित केमिकल क्लस्टर की स्थापना होगी- वित्त मंत्री

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश में 3 समर्पित केमिकल क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे

    11.15

    पांच राज्यों में रेयर अर्थ मिनरल के डेडिकेटेड कॉरिडोर बनेगा

    वित्त मंत्री ने कहा कि पांच राज्यों में रेयर अर्थ मिनरल के डेडिकेटेड कॉरिडोर बनेगा। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के लिए उपकरण और सामग्री उत्पादन, सप्लाई चेन मजबूत करने के लिए आईएसएम 2.0 शुरू किया जाएगा।

    11:10 AM

    लोकलुभावनवाद की बजाय आम लोगों को प्राथमिकता दी

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए कहा कि घरेलू विनिर्माण क्षमता का निर्माण किया गया, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया गया। सरकार ने लोकलुभावनवाद की बजाय आम लोगों को प्राथमिकता दी। सरकार ने बयानबाजी करने की बजाय सुधारों का चयन किया है। सरकार ने असमंजस छोड़कर निर्णायक कार्रवाई का रास्ता अपनाया। भारत की विकास यात्रा लगातार आर्थिक वृद्धि और नियंत्रित महंगाई से चिन्हित रही है।

    11:05 AM

    MSME को बढ़ाने वाला होगा बजट 

    वित्त मंत्री ने कहा कि इस वर्ष का बजट MSME को बढ़ावा देने वाला होगा। 

    11:00 AM

    वित्त मंत्री ने बजट पढ़ना शुरू किया 

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में पढ़ना शुरू कर दिया है।

    10:58 AM

    कैबिनेट बैठक में बजट को मंजूरी

    कैबिनेट की बैठक में वर्ष 2026 के बजट को मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक आयोजित की ग। अब कैबिनेट से मंजूर बजट संसद में रखा जाएगा।

    10:43 AM

    बजट से पहले की उम्मीदों पर क्या बोले BJP नेता मनोज तिवारी 

    Twitter Post

    10:41 AM

    अखिलेश यादव बोले- क्या सरकार अपने वादों पर खरी उतरी है

    Twitter Post

    10:36 AM

    प्रियंका गांधी बोलीं- बजट से उम्मीद नहीं

    Twitter Post

    10:25 AM

    बजट पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज

    Twitter Post

    10:20 AM

    बजट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की प्रतिक्रिया

    Twitter Post

    10:15 AM

    बजट पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र

    Twitter Post

    09:52 AM

    शशि थरूर बोले- बजट में केरल के लिए घोषणाओं का इंतजार

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि, वे केंद्रीय बजट 2026-27 में केरल के लिए होने वाली घोषणाओं को लेकर उत्सुक हैं, क्योंकि राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। पत्रकारों से बातचीत में थरूर ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया और कहा कि बिना रोजगार वाली आर्थिक वृद्धि किसी के काम की नहीं होती। उन्होंने कहा, आर्थिक सर्वेक्षण अच्छी वृद्धि दिखाता है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह वृद्धि युवाओं के लिए रोजगार लेकर आएगी।

    थरूर ने आगे कहा कि, वे यह देखने के लिए चिंतित हैं कि सरकार किस तरह की योजनाएँ और लाभ लेकर आएगी। केरल में चुनावों को देखते हुए, बजट में राज्य के लिए क्या राहत और फायदे होंगे, यह जानने के लिए सबकी निगाहें बजट भाषण पर टिकी हैं।

    Twitter Post

    09:48 AM

    संसद भवन पहुंची वित्त मंत्री

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद भवन पहुंच गईं है। अब से कुछ देर में वे केंद्रीय बजट पेश करेंगी।

    Twitter Post

    09:41 AM

    संसद के लिए रवाना हुईं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अब संसद भवन के लिए रवाना हो गई हैं। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचकर बजट से जुड़ी औपचारिक जानकारी दी। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। 

    डिजिटल टैबलेट में बजट, लाल ‘बही-खाता’ परंपरा बरकरार

    राष्ट्रपति भवन जाने से पहले वित्त मंत्री वित्त मंत्रालय से रवाना हुई थीं। उनके हाथ में डिजिटल टैबलेट था, जिसमें Union Budget 2026 का पूरा दस्तावेज मौजूद है। खास बात यह रही कि टैबलेट को पारंपरिक लाल रंग की ‘बही-खाता’ स्टाइल के बैग में रखा गया था। बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति से मुलाकात की यह परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है, जो अब डिजिटल दौर में भी कायम है।

    09:36 AM

    राष्ट्रपति मुर्मू ने सीतारमण को खिलाया दही-चीनी

    Twitter Post

    09:32 AM

    राष्ट्रपति से मिलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें केंद्रीय बजट 2026 के बारे में जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। वित्त मंत्री ने राष्ट्रपति को बजट की प्रति भी सौंपी।

    Twitter Post

    09:12 AM

    राष्ट्रपति भवन पहुंचीं वित्त मंत्री, राष्ट्रपति से करेंगी मुलाकात

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अब राष्ट्रपति भवन पहुंच गई हैं। यहां वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें केंद्रीय बजट 2026 के बारे में जानकारी देंगी। इसके बाद वित्त मंत्री संसद पहुंचेंगी, जहां आज बजट पेश किया जाएगा।

    Twitter Post

    09:09 AM

    टीम के साथ बजट टैबलेट दिखाती नजर आईं वित्त मंत्री

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट से पहले अपनी टीम के साथ नजर आईं। इस दौरान उन्होंने बजट दस्तावेज से युक्त डिजिटल टैबलेट दिखाया, जिसे पारंपरिक लाल ‘बही-खाता’ शैली के पाउच में रखा गया था। यह आधुनिक तकनीक और परंपरा के संगम का प्रतीक माना जा रहा है।

    Twitter Post

    08:47 AM

    कर्तव्य भवन पहुंची वित्त मंत्री 

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में Union Budget 2026 पेश करेंगी। बजट से पहले वे अपने सरकारी आवास से निकलकर कर्तव्य भवन पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि, पहले वित्त मंत्रालय का मुख्यालय नॉर्थ ब्लॉक में हुआ करता था, लेकिन प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत अब वित्त मंत्रालय का हेडक्वार्टर जनपथ स्थित कर्तव्य भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। यहां से ही बजट से जुड़ी सभी अहम तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

    Twitter Post
    Twitter Post

    08:30 AM

    पुरी में सुदर्शन पटनायक की खास पेशकश

    पुरी (ओडिशा) में विश्व प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने केंद्रीय बजट 2026 की पेश होने के मौके पर एक विशेष रेत कलाकृति तैयार की। इस कलाकृति के जरिए उन्होंने बजट के प्रति अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ देश की आर्थिक उम्मीदों को भी दर्शाया।

    Twitter Post

    Budget 2026: आज का संभावित शेड्यूल

    समय

    कार्यक्रम

    सुबह 8-9 बजे

    वित्त मंत्री आवास से वित्त मंत्रालय पहुंचेंगी

    सुबह 9-10 बजे

    बजट डॉक्यूमेंट लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात

    सुबह 10-11 बजे

    संसद भवन पहुंचना

    सुबह 11 बजे

    बजट भाषण शुरू

    दोपहर 1-2 बजे

    प्रेस कॉन्फ्रेंस

    नोट: शेड्यूल अनुमानित है।     

    Budget 2026: मिडिल क्लास की 5 बड़ी विशलिस्ट

    इनकम टैक्स में राहत की उम्मीद

    नए टैक्स रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन 75 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपए किया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो 13 लाख रुपए तक की सालाना आय टैक्स फ्री हो सकती है। यह राहत सीधे-सीधे सैलरीड क्लास की जेब पर असर डालेगी और खर्च करने की क्षमता बढ़ाएगी।

    किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी

    PM-Kisan योजना के तहत मिलने वाली सालाना राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपए किए जाने की चर्चा है। पिछले 2-3 साल से इस योजना में बढ़ोतरी की मांग हो रही है। अगर यह फैसला आता है, तो इससे करोड़ों किसानों को सीधी राहत मिलेगी।

    रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा दांव

    रेलवे बजट में इस बार रिकॉर्ड आवंटन संभव है। कयास हैं कि, 300 से ज्यादा नई वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनें, वेटिंग लिस्ट कम करने के उपाय, ट्रैक-स्टेशन और सेफ्टी अपग्रेड जैसे ऐलान हो सकते हैं। रेलवे कैपेक्स बढ़ने से रोजगार और कनेक्टिविटी दोनों को फायदा मिलेगा।

    PM सूर्य घर योजना में बड़ी सब्सिडी

    ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए सरकार PM सूर्य घर योजना के तहत 2 kW तक के सोलर सिस्टम पर सब्सिडी 30 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपए प्रति kW कर सकती है। इससे मिडिल क्लास घरों के बिजली बिल में सीधी कटौती होगी।

    आयुष्मान भारत योजना का विस्तार

    Ayushman Bharat (PM-JAY) योजना का दायरा बढ़ाया जा सकता है। अभी यह योजना 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को कवर करती है। बजट में इसे घटाकर 60 साल करने की घोषणा संभव है, जिससे हेल्थ कवरेज का दायरा और बढ़ेगा।

    Budget 2026: क्या होगा सस्ता, क्या महंगा?

    यह समझना जरूरी है कि रोजमर्रा की 90% चीजों के दाम GST काउंसिल तय करती है, न कि बजट। बजट में असर मुख्य रूप से इम्पोर्ट ड्यूटी वाले सामान पर पड़ता है।

    सोना-चांदी हो सकते हैं सस्ते

    सरकार सोने-चांदी पर बेसिक कस्टम ड्यूटी 6% से घटाकर 4% कर सकती है। अनुमानित असर-

    सोना: ₹3,000 प्रति 10 ग्राम तक सस्ता

    चांदी: ₹6,000 प्रति किलो तक सस्ती

    GST vs Budget: किससे तय होते हैं दाम?

    फीचर

    GST काउंसिल

    केंद्रीय बजट

    दायरा

    देश में बनने वाली 90% चीजें

    विदेशी कच्चा माल/तैयार सामान

    बदलाव

    साल में कभी भी

    साल में एक बार (1 फरवरी)

    उदाहरण

    दूध, कार, मोबाइल, रेस्टोरेंट बिल

    सोना, कच्चा तेल, इम्पोर्टेड टॉय

    Budget Basics: ब्रीफकेस से टैबलेट तक

    बजट शब्द फ्रेंच भाषा के Bougette से आया है, जिसका मतलब है लेदर बैग। पहले वित्त मंत्री बजट दस्तावेज चमड़े के ब्रीफकेस में लाते थे।

    बड़ा बदलाव-

    • 2019 में निर्मला सीतारमण ने ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े वाला बहीखाता अपनाया।
    • अब बजट पूरी तरह डिजिटल टैबलेट पर आ चुका है।

    बजट के 5 जरूरी की-वर्ड्स (आसान भाषा में)

    GDP: देश की कुल सालाना कमाई का पैमाना

    Fiscal Deficit: सरकार की कमाई और खर्च के बीच का अंतर

    Capital Expenditure: सड़क, पुल, अस्पताल जैसी संपत्ति पर खर्च

    Revenue Deficit: रोजमर्रा के खर्च के लिए पैसे की कमी

    Direct Tax: आपकी कमाई पर लगने वाला टैक्स (इनकम टैक्स)

    Budget History: रिकॉर्ड और रोचक तथ्य

    सबसे ज्यादा बजट: मोरारजी देसाई (10 बार)

    निर्मला सीतारमण का यह 9वां बजट

    सबसे लंबा भाषण: 2020 (2 घंटे 42 मिनट)

    सबसे छोटा भाषण: 1977 (10 मिनट से कम)

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts