PlayBreaking News

लंदन जा रही ट्रेन में खून से लाल हुई बोगी!चाकूबाजी में कई यात्री घायल, दो संदिग्ध गिरफ्तार

Follow on Google News
चाकूबाजी में कई यात्री घायल, दो संदिग्ध गिरफ्तार
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    लंदन। ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर में एक चलती ट्रेन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक यात्री ने अचानक चाकू निकालकर लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। यह ट्रेन डॉन्कास्टर से लंदन किंग्स क्रॉस जा रही थी। हमले के दौरान ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, कई यात्री घायल हो गए और डर के मारे कुछ लोग वॉशरूम में छिप गए। चश्मदीदों के मुताबिक, हर तरफ खून था और लोग अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे।

    क्या है पूरा मामला

    कैम्ब्रिजशायर कांस्टेबुलरी के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शाम 7:39 बजे पुलिस को ट्रेन में चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोका और चारों ओर से घेराबंदी कर दी। हथियारबंद अफसरों ने ट्रेन में घुसकर हालात को काबू में किया और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    प्रत्यक्षदर्शी बोले- चाकू लेकर भाग रहा था हमलावर

    एक यात्री ने बताया कि, हमने देखा कि ट्रेन रुकते ही एक आदमी प्लेटफॉर्म पर उतरकर भागने लगा, उसके हाथ में बड़ा चाकू था। पुलिस ने टेजर से उसे काबू किया। हमले के बाद ट्रेन में सन्नाटा पसर गया। कई यात्री सदमे में थे, जबकि कुछ अपने परिजनों को फोन कर रोने लगे।

    जांच में आतंकवाद निरोधक इकाई भी शामिल

    कैम्ब्रिजशायर पुलिस और ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस (BTP) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि, हमले के पीछे मंशा क्या थी। क्या यह आपसी विवाद था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। हालांकि, इस हमले को बड़ा हादसा घोषित कर दिया गया है और आतंकवाद निरोधक इकाई भी जांच में शामिल है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि, जो लोग घटना के गवाह हैं या जिनके पास वीडियो/फोटो हैं, वे जांच में सहयोग करें।

    ब्रिटिश प्रधानमंत्री और गृह सचिव ने क्या कहा

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना को भयावह और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि, मेरे विचार सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं पुलिस और आपातकालीन सेवाओं का आभारी हूं जिन्होंने तुरंत कार्रवाई की।

    वहीं यूके की गृह सचिव शबाना महमूद ने भी बयान जारी कर कहा कि, यह एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। मैं लगातार स्थिति की जानकारी ले रही हूं। लोगों से अपील है कि किसी तरह की अफवाह या गलत जानकारी पर विश्वास न करें।

    घटना के बाद कई इलाके सील

    घटना के बाद हंटिंगडन स्टेशन और आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया। ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जिससे कई यात्रियों को परेशानी हुई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने, चाकू और CCTV फुटेज जब्त किए हैं। पुलिस ने कहा कि, जांच पूरी होने तक क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।

    ब्रिटेन में बढ़ रहीं चाकूबाजी की घटनाएं

    यह हमला ब्रिटेन में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं की नई कड़ी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार- 2023-24 में इंग्लैंड और वेल्स में 50,000 से अधिक चाकूबाजी से जुड़े अपराध दर्ज किए गए। यह संख्या 2013 की तुलना में लगभग दोगुनी है। गृह मंत्रालय ने बताया कि अब तक 60,000 से ज्यादा चाकू जब्त या स्वेच्छा से जमा कराए जा चुके हैं।

    हालांकि, पिछले एक साल में चाकू से होने वाली हत्याओं में 18% की कमी आई है। सरकार ने अगले दस साल में ऐसे अपराधों को आधा करने का लक्ष्य तय किया है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts