Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उज्जैन : शिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ आज, ध्वज पूजन से होगी यात्रा की शुरुआत, गुरूवार को सीएम होंगे शामिल

Follow on Google News
उज्जैन : शिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ आज, ध्वज पूजन से होगी यात्रा की शुरुआत, गुरूवार को सीएम होंगे शामिल

उज्जैन। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली शिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ बुधवार को धार्मिक श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्साह के बीच रामघाट से होगा। परिक्रमा की शुरुआत परंपरागत ध्वज पूजन के साथ की जाएगी, जिसमें संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, पुरातत्ववेत्ता, विषय विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इस दो दिवसीय यात्रा का समापन गुरुवार को रामघाट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करने के साथ होगा।

ध्वज पूजन के साथ यात्रा का शुभारंभ

बुधवार सुबह रामघाट पर परिक्रमा का विधिवत शुभारंभ महंत रामेश्वरदास महाराज, श्रीराम तिवारी, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, नगर निगम की सभापति कलावती यादव और महापौर मुकेश टटवाल की उपस्थिति में होगा। ध्वज पूजन की विधि पंडित-पुरोहितों द्वारा की जाएगी। इसके बाद अतिथियों के स्वागत-सत्कार के साथ यात्रा आगे बढ़ेगी। यात्रा में साहित्यकार, इतिहासकार, पुरातत्वविद्, भू-वैज्ञानिक, जीव विज्ञान विशेषज्ञ, साधु-संत और अन्य विद्वान भाग लेंगे, जिससे परिक्रमा एक धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक पहलू को भी दर्शाएगी।

तीर्थ स्थलों से होते हुए विश्राम स्थल तक पहुंचेगी यात्रा

यात्रा का पहला चरण रामघाट से शुरू होकर नरसिंह घाट, कर्कराज मंदिर, जगदीश मंदिर, जंतर-मंतर वेधशाला, नानाखेड़ा, महामृत्युंजय द्वार, प्रशांति धाम, साईं मंदिर, त्रिवेणी शनि मंदिर से होते हुए गुरुकुल स्कूल तक पहुंचेगा। यहां विश्राम और भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। इसके बाद यात्रा सिकंदरी, गोठड़ा, दाऊद खेड़ी, चिंतामण मंदिर होते हुए भूखी माता मंदिर, गुरुनानक घाट, दत्त अखाड़ा घाट तक पहुंचेगी। शाम को रामघाट पर प्रसिद्ध भजन गायक पवन तिवारी भजनों की प्रस्तुति देंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे चुनरी अर्पण

यात्रा के दूसरे दिन 5 जून को सुबह 9 बजे दत्त अखाड़ा घाट से यात्रा पुनः शुरू होगी। यह चरण रणजीत हनुमान मंदिर, भैरवगढ़, मंगलनाथ, अंगारेश्वर मंदिर, सांदीपनि आश्रम, काल भैरव मंदिर, ऋण मुक्तेश्वर, वाल्मीकि धाम, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार होते हुए रामघाट पहुंचेगा।

शाम 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रामघाट पर मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे, जो दत्त अखाड़ा घाट तक विस्तारित होगी। इस अवसर पर आर्मी का सिंफनी बैंड भी विशेष प्रस्तुति देगा। शाम 7 बजे मुंबई की प्रसिद्ध भजन गायिका स्वस्ति मेहुल भक्ति संध्या में अपनी भजनों की प्रस्तुति से भक्तों को भावविभोर करेंगी।

ये भी पढ़ें- इंदौर से लापता कपल का मामला: पीएम में हुआ खुलासा, युवक की हुई थी हत्या
Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts