Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

फेसबुक की दोस्ती पड़ी भारी-चोर से फेसबुक पर दोस्ती, बातों-बातों में निकलवाई लोकेशन; गुना स्टेशन पहुंचते ही महिला ने धर दबोचा

गुना रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी के संदिग्ध युवक को पकड़ने के लिए महिला ने फेसबुक पर दोस्ती कर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। युवक के इंदौर से गिन्दौरा जाने की जानकारी मिलने पर महिला परिजनों के साथ स्टेशन पहुंची और उसे कथित चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ लिया।
Follow on Google News
फेसबुक की दोस्ती पड़ी भारी-चोर से फेसबुक पर दोस्ती, बातों-बातों में निकलवाई लोकेशन; गुना स्टेशन पहुंचते ही महिला ने धर दबोचा
गुना। मोबाइल चोर को रेलवे स्टेशन पर महिला ने पकड़ लिया।

गुना। मोबाइल चोरी के बाद आरोपी तक पहुंचने के लिए एक महिला ने ऐसा जाल बिछाया कि संदिग्ध युवक को इसकी भनक तक नहीं लगी। बहन का मोबाइल गायब होने के बाद महिला ने फेसबुक के जरिए संदिग्ध युवक से दोस्ती की। फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार होते ही बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे उससे आने-जाने की जानकारी निकाली। जैसे ही पता चला कि युवक इंदौर से बदरवास के गिन्दौरा गांव जाने वाला है, महिला परिजनों के साथ गुना रेलवे स्टेशन पहुंच गई। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे युवक स्टेशन पर दिखाई दिया। उसके पास कथित रूप से वही मोबाइल देखकर महिला ने उसे पहचान लिया और पकड़ लिया। इसके बाद स्टेशन पर भीड़ लग गई। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

बाजार में गुमा था मोबाइल फोन

मामला 29 जुलाई से शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि महिला बाजार गई थी। इसी दौरान उसका एंड्रॉयड मोबाइल गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी फोन नहीं मिला। परिवार ने अपने स्तर पर मोबाइल की जानकारी जुटाना शुरू की। इसी दौरान पता चला कि फोन किसी युवक के पास हो सकता है। दिलचस्प बात यह रही कि मोबाइल हाथ लगने के बाद उसमें मौजूद तस्वीरें हटा दी गईं। कई नंबर भी ब्लॉक कर दिए गए। लेकिन फोन में लगी सिम नहीं बदली गई। यही चूक आखिरकार संदिग्ध युवक तक पहुंचने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बन गई।

फेसबुक पर भेजी फ्रेंड रिक्वेस्ट, फिर शुरू हुई बातचीत

मोबाइल मालिक की बहन ने जानकारी जुटाते हुए सोशल मीडिया पर संदिग्ध युवक की प्रोफाइल खोज निकाली। इसके बाद उसे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। युवक ने भी बिना ज्यादा संदेह किए रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। फिर दोनों के बीच सामान्य बातचीत होने लगी। महिला ने मोबाइल को लेकर सीधे कोई सवाल नहीं किया। बातचीत को सामान्य रखा। इसी दौरान वह युवक की गतिविधियों और आने-जाने की जानकारी लेती रही। कुछ समय बाद चैटिंग में पता चला कि युवक इंदौर से बदरवास तहसील के गिन्दौरा गांव जाने वाला है। उसके रास्ते में गुना रेलवे स्टेशन पड़ने की संभावना थी। बस यहीं से परिवार ने उसे पकड़ने की तैयारी कर ली।

पहले से स्टेशन पर डटा परिवार, आते ही पहचान लिया

सोमवार को महिला अपने परिजनों के साथ गुना रेलवे स्टेशन पहुंच गई। दोपहर करीब 1:30 बजे संदिग्ध युवक स्टेशन पहुंचा तो महिला ने उसे पहचान लिया। परिवार का दावा है कि उसके पास वही मोबाइल था, जो 29 जुलाई को गायब हुआ था। मोबाइल देखते ही महिला और उसके परिजनों ने युवक को पकड़ लिया।
अचानक हुए घटनाक्रम को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसका वीडियो भी बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस दौरान रक्षाबंधन का हवाला देते हुए एक महिला ने युवक को छोड़ने की बात भी कही। हालांकि मामला मोबाइल चोरी से जुड़ा होने के कारण इसकी सूचना पुलिस तक पहुंची। 

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts