Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारी करेंगे प्रार्थना सभा, मिंटो हॉल में जुटेंगे

भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर चल रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारी एक बार फिर प्रदर्शन की तैयारी में हैं। बुधवार को व्यापारी कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर यानी मिंटो हॉल परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रार्थना सभा करेंगे।
Follow on Google News
भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारी करेंगे प्रार्थना सभा, मिंटो हॉल में जुटेंगे

भोपाल। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और हितों को लेकर चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया। प्रार्थना सभा बुधवार सुबह 11 बजे चैंबर अध्यक्ष गोविंद गोयल के नेतृत्व में होगी। सीलिंग कार्रवाई के विरोध में शहर के कई इलाकों में पहले भी चक्काजाम और प्रदर्शन हो चुके हैं। वहीं, रहवासी संघ भी कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ अलग-अलग इलाकों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

मिंटो हॉल में होगी प्रार्थना सभा

सोमवार को भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें व्यापारियों के हित और समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की गई। बैठक में तय हुआ कि बुधवार सुबह 11 बजे मिंटो हॉल परिसर में प्रार्थना सभा की जाएगी। चैंबर अध्यक्ष गोविंद गोयल के नेतृत्व में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी यहां जुटेंगे। इसके बाद सभी व्यापारी सामूहिक रूप से रामधुन का गायन करेंगे। महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रार्थना कर व्यापारी समस्या के स्थायी समाधान के लिए मार्गदर्शन की कामना करेंगे।

ये भी पढ़ें: मंत्री विजय शाह मामले में सीधे सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट पेश करेगी मप्र सरकार, SIT को अभियोजन की मंजूरी नहीं देगी!

कई इलाकों में हो चुका है विरोध

नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारी लगातार सड़क पर उतर रहे हैं। पिछले सप्ताह रोशनपुरा चौराहे पर व्यापारियों ने चक्काजाम किया था। इसके बाद बाग सेवनिया, अवधपुरी, 10 नंबर और आनंद नगर में भी प्रदर्शन किए गए। वहीं, शनिवार को रहवासी संघ ने गुलमोहर कॉलोनी में टॉर्च लाइट रैली निकाली थी। इससे पहले पिछले सप्ताह सात नंबर मार्केट में भी रहवासियों ने रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया था।

Breaking News

कमर्शियल गतिविधियों पर रहवासियों का भी विरोध

रहवासी संघ का कहना है कि किसी भी हालत में आवासीय इलाकों में कमर्शियल गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। वहीं नए सर्वे में भवन से जुड़े दूसरे उल्लंघनों की भी जांच की जा रही है। अर्बन प्लानिंग विशेषज्ञों के मुताबिक अगर समय पर मास्टर प्लान आता तो रहवासियों और कारोबारियों के सामने यह स्थिति नहीं खड़ी होती। उनका कहना है कि मास्टर प्लान के जरिए रहवासी और व्यावसायिक इलाकों को अलग-अलग चिह्नित किया जा सकता था।

ये भी पढ़ें: ‘चढ़ावे की चोरी नहीं होने देंगे’, बांके बिहारी मंदिर के चढ़ावे पर SC सख्त! कहा- दान का एक-एक पैसा मंदिर के खजाने में पहुंचेगा

नोटिस के बाद दुकानें तलाश रहे कारोबारी

नगर निगम की सख्ती के बाद रहवासी इमारतों में दुकानें संचालित करने वाले कारोबारियों में दहशत है। अवधपुरी, अयोध्या बायपास, गौतम नगर, अशोका गार्डन और लालघाटी समेत कई इलाकों के दुकानदार नोटिस मिलने के बाद कमर्शियल क्षेत्रों में दुकानें तलाश रहे हैं। निगम ने मुख्य मार्गों के दोनों ओर और उनसे जुड़ी गलियों में सर्वे शुरू कर दिया है। नदी-तालाब किनारे, ग्रीन बेल्ट, बफर जोन और कैचमेंट एरिया में बने भवनों की प्राथमिकता से जांच होगी। इसके साथ ही अवैध मैरिज गार्डन संचालकों को भी नोटिस दिए जाएंगे।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts